माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष के निधन से शोक
बेगूसराय, 24 अक्टूबर। माध्यमिक शिक्षक संघ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष विधान पार्षद केदारनाथ पांडेय के निधन से शिक्षक समाज में शोक की लहर फैल गई है।
संघ के बिहार प्रदेश संयुक्त सचिव डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने शोक जताते हुए कहा है कि उनके निधन से पूरे बिहार के शिक्षक समाज के बड़ी क्षति पहुंची है। शिक्षकों की ऐसी आवाज थे जो किसी भी समस्या के समाधान को लेकर सड़क से सदन तक हमेशा लड़ाई लड़ते रहे।
बेगूसराय जिलाध्यक्ष उमानंद चौधरी एवं सचिव रणजीत कुमार ने कहा कि बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्य अध्यक्ष, सारण शिक्षक क्षेत्र के चार टर्म से वर्तमान एम.एल.सी., बिहार विधान परिषद में निवेदन समिति के सभापति केदारनाथ पांडेय का निधन दिल का दौरा पड़ने से मेदांता अस्पताल गुड़गांव में देर रात हो गया। इनके निधन से सम्पूर्ण शिक्षा जगत मर्माहत है, शिक्षाविद तो थे ही शिक्षकों के मसीहा भी थे।
इनका जीवन शिक्षा, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी, शिक्षालय, शिक्षा विभाग को सदा समर्पित रहा। सिवान के एक उच्च विद्यालय से अपना जीवन शिक्षक के रूप में शुरू करने वाले केदारनाथ पांडेय 1992 में महासचिव बनने से पूर्व राज्य संघ की पत्रिका ”प्राच्य प्रभा” के संपादक भी रहे। बेगूसराय जिला का सम्पूर्ण शिक्षक समाज ऐसे योद्धा के निधन से मर्माहत है।
जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष भगीरथ प्रसाद राय एवं श्यामनंदन प्रसाद सिंह, मूल्यांकन परिषद अध्यक्ष मो. सलीमउद्दीन, सचिव सुधीर सिंह, कोषाध्यक्ष फैजुर रहमान, संयुक्त सचिव डॉ. अर्चना, बेगूसराय अनुमंडल सचिव अरविंद कुमार, बखरी अनुमंडल सचिव देवव्रत कुमार, मंझौल अनुमंडल सचिव मनोज कुमार, बलिया अनुमंडल सचिव समीम अख्तर, तेघड़ा अनुमंडल सचिव पंकज कुमार सहित तमाम शिक्षकों ने राज्य अध्यक्ष के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से आत्मा की शान्ति तथा परिवार को दु:खदर्द सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है।