सोनीपत व एसटीएफ टीमों अलग-अलग स्थानों से कुख्यातों अपराधियों को किया गिरफ्तार
सोनीपत
गणतंत्र दिवस से पूर्व सोनीपत पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने कुख्यात अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इसके साथ सोनीपत व एसटीएफ की 14 टीमों को अभियान का हिस्सा बनाकर छापे मारे गए। इस दौरान पुलिस टीमों ने हत्यारोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीन आरोपी हत्या की कोशिश के मामलों में नामजद थे।
डीसीपी मुख्यालय निकिता खट्टर ने बताया कि गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले अपराधियों पर शिकंजा कसने को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 40 स्थानों पर छापा मारा। जिसके तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे। वर्तमान में पथभ्रष्ट युवा भौतिकवाद की चकाचौंध का शिकार होकर अपराध की दलदल में फंस रहे है। जिन पर नकेल को लेकर ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह अपराधियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो पुलिस से साझा करें।
यह आरोपित किए गए गिरफ्तार
सीआईए-2 प्रभारी अजय धनखड़ की टीम ने कुंडली औद्योगिक क्षेत्र से गांव भैंरा बांकीपुर निवासी नीरज को गिरफ्तार किया। आरोपित 9 अगस्त, 2022 को राई थाना में दर्ज हत्या के मामले में नामजद था। वह इस मामले में भगौड़ा घोषित किया गया है। मामले में 8 अगस्त, 2022 को औरंगाबाद में कार सवार फ्लोर मिल संचालक दीपक की नौ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। गिरफ्तार आरोपित पहले भी मुरथल थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में नामजद रहा है।
सीआईए-1 की टीम ने हत्या की कोशिश के मामले में आरोपित गांव शहजादपुर निवासी सुधीर उर्फ पांचका को गिरफ्तार किया है। आरोपित को पानीपत के समालखा से पकड़ा गया। वह 7 जुलाई, 2022 को मुरथल थाना में दर्ज हत्या की कोशिश के मामले में नामजद था। उस पर गांव रेवली के अखाड़े में अश्विनी नाम के युवक पर हमला करने का आरोप है।
चोरी निरोधक स्टाफ ने जानलेवा हमला करने के मामले में मूलरूप से झज्जर के गांव बिशन फिलहाल रोहतक के गांव सुनारिया निवासी साहिल को गिरफ्तार किया है। उसे सुनारिया से पकड़ा गया है। उस पर गांव पांची जाटान निवासी मनित पर गोली चलाने का आरोप था। उसके खिलाफ गन्नौर में 6 नवंबर, 2022 को मुकदमा दर्ज हुआ था।
एसटीएफ सोनीपत की टीम ने हत्या की कोशिश के मामले में आरोपित गांव बैंयापुर के सन्नी को गिरफ्तार किया है। उस पर शहर थाना में 29 अक्तूबर, 2022 को मुकदमा दर्ज हुआ था। उस कालूपुर के बलराम उर्फ भोलू को गोली मारने का आरोप है। मामले में भगौड़ा था।