प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर उत्साह
-भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह सुनी,नागरिकों ने की भागीदारी
वाराणसी,28 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उनकी रेडियो पर प्रसारित ’मन की बात’ कार्यक्रम को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी जगह-जगह उत्साह से सुना और बात को गांठ बांध लिया। भाजपा के नीचीबाग महानगर कार्यालय में शहर दक्षिणी के विधायक और प्रदेश के पूर्व मंत्री डाॅ. नीलकंठ तिवारी के साथ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की बातें ध्यान से सुनीं। इसमें पं.दीनदयाल उपाध्याय मंडल के कार्यकर्ताओं की अधिक भागीदारी रही। इसी तरह नदेसर मिंट हाउस में पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह, काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव के अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को सुना। लंका चौराहे पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के अगुवाई में प्रधानमंत्री को सुना। इसमें काशी क्षेत्र महामंत्री अशोक चौरसिया, कार्यालय प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ल भी शामिल रहे। प्रधानमंत्री के ’मन की बात’ सुनने के बाद विधायक डाॅ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री की बातें प्रेरणादायी होती है। राष्ट्रीय व सामाजिक विषयों पर प्रधानमंत्री ने सकारात्मक चर्चा की। प्रधानमंत्री ने मोटे अनाजों को अधिक से अधिक उपजाने पर जोर दिया है। इसके लिए किसानों को प्रेरित किया जायेगा।