यूरोपीय संघ फिल्म महोत्सव आज से, 23 भाषाओं में कुल 27 फिल्में दिखाई जाएंगी
नई दिल्ली, 04 नवम्बर। दस दिवसीय यूरोपीय संघ फिल्म महोत्सव शुक्रवार से दिल्ली में शुरू हो रहा है। ईयूएफएफ का 27वां संस्करण यूरोपीय संघ और भारत के बीच कूटनीतिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है।
भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल, ईयू सदस्य देशों के दूतावासों और क्षेत्रीय साझेदारों की ओर से 13 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, बुल्गारिया, क्रोएशिया, चेचिया, डेनमार्क, एस्टोनिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, यूनान, हंगरी, आयरलैंड, इटली, लातविया, लिथुआनिया, लग्जमबर्ग, मालटा, नीदरलैंड, पोलैंड, पुर्तगाल, रोमानिया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, स्पेन और स्वीडन से 23 भाषाओं में कुल 27 फिल्में दिखाई जाएंगी।
इसके बाद 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक वर्चुअल रूप से भी फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव दर्शकों को कॉमेडी, एक्शन, ड्रामा और एनिमेशन जैसी विभिन्न शैलियों के जरिए यूरोप की पूरी यात्रा को दिखायेगा। कोरोना महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद भारत में यह महोत्सव हो रहा है। ऐसे में इस महोत्सव को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह है।