यमुनानगर: करनाल में पकडी आतंकियों की गाडी के फर्जी कागजात बनाने का आरोपी गिरफ्तार
— पांच दिन के लिया रिमांड पर
— अम्बाला के महमूदपुर का है नितिन शर्मा
यमुनानगर, 02 जून । करनाल में आतंकवादियों से पकडी गाडी की फर्जी आरसी बनाने के मामले में एक आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लिया। उप पुलिस अधीक्षक ने गुुरुवार को बताया कि इस फर्जीवाड़ा में लंबे समय से फरार चल रहे अंबाला के मेहमूदपुर निवासी नितिन शर्मा को पुलिस ने प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है। उसे करनाल पुलिस ने आतंकियों की गाड़ी की फर्जी आरसी बनाने में संलिप्तता के आरोप में पकड़ा था। वहीं से उसे अब यमुनानगर पुलिस ने रिमांड पर लिया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी नितिन पांच दिन के रिमांड पर है। फर्जी आरसी बनाने में दस्तावेज यही मुहैया कराता था। इससे निशानदेही करानी है। वह दस्तावेजों के बारे में भी पता लगाना है।
उप पुलिस अधीक्षक बिलासपुर आशीष चौधरी ने बताया कि 14 जनवरी 2021 को सिरसा पुलिस ने डीलर सुनील चिटकारा को गिरफ्तार कर आरसी फर्जीवाड़ा का पर्दाफाश किया था। इसकी जांच एसडीएम जगाधरी कार्यालय तक पहुंची थी। तत्कालीन एसडीएम दर्शन कुमार ने भी जब इसकी जांच करवाई तो कार्यालय से 16 फाइलें गायब मिली। जिस पर एसडीएम की ओर से हुड्डा सेक्टर -17 थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसमें तत्कालीन कंप्यूटर आपरेटर अमित के साथ तीन अन्य कर्मियों पर केस दर्ज हुआ था। वहीं बाद में इसी तरह का फर्जीवाड़ा एसडीएम बिलासपुर कार्यालय में भी सामने आया। इसमें भी तत्कालीन कंप्यूटर आपरेटर अमित पर केस दर्ज हुआ था। बाद में स्थानीय स्तर पर एसआइटी बनी। अब तक इस मामले में अमित, एमआरसी राजेंद्र डांगी, बिलासपुर में तैनात एमआरसी संजीव व डीलर रोहतक निवासी सुनील, कृष्ण व रामनिवास को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूछताछ में नितिन शर्मा का भी नाम सामने आया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगी थी, क्योंकि यह भी डीलर का कार्य करता था। आरोपी सुनील, रामनिवास व कृष्ण के साथ मिलकर यह दस्तावेज मुहैया कराता था।