हरियाणा

राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के सांसदों व विधायकों से की समर्थन की अपील

प्रचार करने के लिए चंडीगढ़ पहुंची द्रौपदी मुर्मू

चंडीगढ़, 01 जुलाई। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को प्रचार करने के लिए चंडीगढ़ पहुंची। यहां पहुंचने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह समेत हरियाणा के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसदों, मंत्रियों व भाजपा-जजपा विधायकों ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपने समर्थन की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा वीरों और शहीदों की भूमि होने के साथ-साथ श्रीमद्भगवद्गीता की स्थली है। इस राज्य ने हर क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है। एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति के पद की उम्मीदवार बनाकर एनडीए ने अपनी नीति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी महिला के रूप में मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सर्वोच्च पद का उम्मीदवार बनाकर “सबका साथ सबका विश्वास” के नारे को सिद्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि महिला, गरीब, आदिवासियों के लिए काम किया है। जिंदगी में जो भी चुनौती आई है, उसे स्वीकार किया है और हमेशा अच्छा बनने का प्रयास किया है। वे राष्ट्रपति पद की गरिमा बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी। मुर्मू ने कहा कि मैं देश के लिए हमेशा काम करने के लिए तैयार थी, हूं और रहूंगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि हरियाणा में भाजपा, जजपा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन तो मिलेगा ही, इसके साथ-साथ अन्य पार्टियों के विधायक एवं सांसद भी उन्हें समर्थन देंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा एनडीए द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना बेहद प्रसन्नता का विषय है। राष्ट्रपति पद का दायित्व संविधान के कार्यपालक का होता है। संविधान की तरफ वही वर्ग देखता है, जिसे यकीन होता है कि संविधान हमारी सुरक्षा करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजाति वर्ग से द्रौपदी मुर्मू पहली राष्ट्रपति उम्मीदवार हैं। मुर्मू ने जनजातीय समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने व जनप्रतिनिधि के रूप में लम्बे समय तक जनसेवा करते हुए सार्वजनिक जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। द्रौपदी जी का जीवन-संघर्ष और उनका परिश्रम अतुल्य है। इसी को देखते हुए एनडीए द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है, यह हमारे लिए गर्व की बात है।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपनी पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि एनडीए ने मुर्मू को राष्ट्रपति के पद की उम्मीदवार बनाकर दलित उत्थान, महिला उत्थान एवं गरीबों के उत्थान का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू के रूप में देश को ऐसा राष्ट्रपति मिलेगा जो आम गरीब की आवाज को आगे ले जाने का कार्य करेंगी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने श्रीमती मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुर्मू को नेतृत्व के गुण अपने पिता और दादा से मिले हैं। वे सर्वश्रेष्ठ विधायक भी रही हैं। इसके साथ-साथ राज्यपाल रहने का भी अनुभव है। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू बड़ी जीत के साथ राष्ट्रपति चुनकर जाएंगी।

निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया कि जिन्होंने द्रौपदी मुर्मू को एनडीए का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने बतौर विधायक, मंत्री और राज्यपाल अलग-अलग पदों पर रहते हुए अपना दायित्व बखूबी निभाया है। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।

शिरोमणि अकाली दल (बादल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल अपने विधायकों के साथ चंडीगढ़ के यूपी गेस्ट हाउस में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का पूर्ण आश्वासन दिया।

इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री कंवरपाल, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रितु राज सिन्हा, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानाथी श्रीनिवासन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पंजाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा के अलावा भाजपा-जजपा के विधायक व अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker