मिजोरम : चम्फाई जिले में एक कैब दुर्घटनाग्रस्त, पांच की मौत
आइजोल, 30 दिसंबर। पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम के चम्फाई जिले में शुक्रवार की सुबह एक बड़ी दुर्घटना हो गई। इसमें एक महिला सहित कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई र तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर होने पर शहर के लिए रेफर कर दिया गया है। राज्य के परिवहन मंत्री ने घायलों का हाल जाना।
बताया गया कि एक मैक्सी कैब सर्विस (टाटा सूमो वाहन) चम्फाई जिले में आइजोल से आठ यात्रियों को लेकर जोखावथर जा रही थी। चुंगटे इलाके में अनियंत्रित कैब एक चट्टान से गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। इन मृतकों की पहचान पार्थई (एक शिशु की मां), मुंगसियानडावंगा (37), जिनसियानखुपा (32), तियालियानचेउआ (37) और ललुंगघनेमा (36) के रूप में हुई है। हादसे में पांच लोगों के मरने के अलावा, एक शिशु सहित तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को चम्फाई जिले के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। घायलों में से दो को गंभीर हालत होने पर शहर के लिए रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर राज्य के परिवहन मंत्री टीजे लालनुंतलुआंगा ने चम्फाई जिले अस्पताल में मृतकों के परिजनों और घायल मरीजों का हाल जाना।