राष्ट्रीय

कल्याण के पास ट्रेन पर पथराव, महिला यात्री घायल

मुंबई, 28 नवंबर । मुंबई से सटे कल्याण शहर में आंबिवली और शहद स्टेशन के बीच राज्य रानी एक्सप्रेस पर पथराव होने से एक महिला यात्री घायल हो गई। इस घायल महिला की बाई आंख में चोट लगी है और उसका इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की जांच जीआरपी पुलिस कर रही है।

कल्याण जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकेश धेज के अनुसार आज सुबह राज्यरानी एक्सप्रेस कल्याण के पास आंबिवली और शहद स्टेशन के बीच से गुजर रही थी। अचानक अज्ञात बदमाशों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी कर दी और फरार हो गए। इस घटना में ट्रेन में सफर कर रही रुकमाबाई पाटिल नामक महिला घायल हो गई। इसकी सूचना मिलते ही घायल महिला को ट्रेन से उतार लिया गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की गहन छानबीन जारी है।

दरअसल एक सप्ताह पहले ठाणे और कलवा स्टेशन के बीच लोकल ट्रेन पर भी पत्थरबाजी की घटना हुई थी। उस समय इस पत्थरबाजी में एक यात्री घायल हुआ था। इस मामले में अभी तक किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इसलिए आज दूसरी बार ट्रेन पर हुई पत्थरबाजी से यात्रियों में डर का माहौल व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker