कैथल: चीका थाने का एएसआई सुखबीर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
कैथल, 4अक्टूबर। मंगलवार को कुरुक्षेत्र की विजिलेंस ने चीका थाना में कार्यरत एएसआई सुखबीर सिंह को आठ हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसका एक सहयोगी मौका से भागने में कामयाब हो गया।
विजिलेंस इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व चीका पुलिस ने शिंगारा सिंह नाम के एक व्यक्ति को चूरा पोस्त के मामले में पकड़ा था। अब एएसआई सुखबीर शिंगारा सिंह के लड़के शमशेर सिंह को यह कहकर डरा व धमका रहे थे कि यदि उसने उन्हें रिश्वत ना दी तो वे उसके बाप वाले केस में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत एक सहयोगी के तौर पर उसे भी पकड़ लेंगे। जोगिंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों ने शमशेर सिंह से 10 हजार रुपए मांगे थे। परन्तु उनकी 8 हजार रुपए में सेटलमेंट हो गई थी। जैसे ही सुखबीर ने शमशेर सिंह से रिश्वत की राशि ली तो विजिलेंस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। विजिलेंस इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह ने बताया कि मौके पर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट एसडीओ कृषि बलराज चौहान को बुलाया गया। जहां आरोपी के हाथ धुलाने पर उसके हाथ लाल हो गए। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे आरोपी बारे जोगिंदर सिंह ने बताया कि बेशक वह मौके पर नहीं मिल पाया परन्तु तफ्तीश के दौरान उसे भी काबू किया जाएगा। जोगिंदर सिंह ने बताया कि दो फोन भी बरामद कर लिए गए हैं, जिन पर रिश्वत लेने व देने की बात की जाती रही है।