भाजपा की राजनीति से भारत का सिर शर्म से झुका: संजय सिंह
नई दिल्ली, 06 जून। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कामों और नफरत की राजनीति के कारण भारत का सिर शर्म से झुक गया है। आगे उन्होंने कहा सत्येंद्र जैन के घर पर सुबह ईडी का छापा पड़ा है। पांच दिनों तक सत्येंद्र जैन से पूछताछ हुई लेकिन कुछ नहीं मिला। भारतीय जनता पार्टी की एजेंसी ईडी कोई भ्रष्टाचार नहीं खोज पाई।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने जब ईडी से पूछा तो कह दिया कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ कोई एफआईआर और कोई शिकायत नहीं है। जब सत्येंद्र जैन के खिलाफ एफआईआर और शिकायत नहीं है तो गिरफ्तार करके क्यों रखा गया है ? इसलिए गिरफ्तार करके रखा गया है क्योंकि सत्येंद्र जैन एक ईमानदार इंसान हैं और दिल्ली के अंदर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जनता को देकर, पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। पूरी दुनिया में दिल्ली के स्वास्थ्य मॉडल की चर्चा हो रही है और उसके पीछे बहुत बड़ा योगदान सत्येंद्र जैन का है।
संजय ने कहा कि उनको आज गिरफ्तार करके रखा गया है। उनको अपमानित करने के बाद अब सत्येंद्र जैन के घर पर पहुंच गए हैं। उनकी पत्नी और परिवार को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है, सीबीआई, ईडी, आईटी का छापा सत्येंद्र जैन के घर पर बहुत बार पड़ चुका है, लेकिन कभी कुछ हासिल नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि यह एक अच्छे-ईमानदार स्वास्थ्य मंत्री और जैन समुदाय का अपमान है। जैन समुदाय का बड़ा योगदान सामाजिक कार्यों, देश की तरक्की और विकास में है। आज वह पूरा का पूरा समाज सत्येंद्र जैन के उत्पीड़न और कार्रवाई से दुखी-आक्रोशित है। पूरे देश के जैन समुदाय के लोगों को लग रहा है कि आज उनके समुदाय के व्यक्तियों को निशाना बनाया जा रहा है।