भ्रष्टाचार युक्त है केजरीवाल का विकास मॉडल : चौधरी अनिल
नई दिल्ली 24 मई। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने कहा कि केजरीवाल का विकास मॉडल भ्रष्टाचार युक्त है। दिल्ली से लेकर पंजाब तक इसके मामले देखे जा सकते हैं। चौधरी ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के स्वास्थ्य मंत्री कमीशन खोरी के आरोप में पद से हटाए गए। अगर आप सरकार सच में ईमानदार है तो दिल्ली के आप नेताओं पर कार्रवाई क्यों नहीं करती है। यहां भी आप के कई नेताओं और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। जिन्हें खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बचाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी का दिखावा करने वाली आप पार्टी के भ्रष्टाचार का खेल दिल्ली से लेकर पंजाब तक फलफूल रहा है।
चौ. अनिल कुमार ने कहा दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने के बाद अरविन्द केजरीवाल ने यह घोषणा की थी कि वह राजधानी में विधायकों के रूप में कोहिनूर चुन-चुन कर लाए हैं। लेकिन यह सभी दिल्लीवासी जानते है कि उनके कोहिनूर हीरे एक-एक करके भ्रष्टाचार की भेट चढ़ रहे हैं। केजरीवाल का आधा मंत्रिमंडल और 80 प्रतिशत विधायक भ्रष्टाचार और आपराधिक मामलों में लिप्त हैं।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोपी अपने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को पद से हटा दिया है। उनका यह कदम स्वागत योग्य है। आम आदमी पार्टी अपने कट्टर ईमानदार सरकार की छवि पर आंच नहीं आने देगी।