राष्ट्रीय

 कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान संपन्न

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर । कांग्रेस पार्टी के दिल्ली स्थित मुख्यालय सहित देशभर के 68 मतदान केन्द्रों पर सोमवार को नए पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान हुआ। 22 वर्षों बाद पहली बार कोई गैर-गांधी पार्टी का अध्यक्ष बनने जा रहा है। अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और तिरुवंतपुरम से सांसद शशि थरूर चुनाव मैदान में है।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए करीब 09 हजार पार्टी कार्यकर्ता मतदाता सूची में रहे। मतदान मतपत्रों के माध्यम से गुप्त तरीके से कराया गया।

दिल्ली में पार्टी मुख्यालय और प्रदेश कांग्रेस कार्यालयों में बने मतदान केंद्रों पर और देशभर में सुबह 10 बजे से 4 बजे के बीच मतदान हुआ। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाग ले रहे नेताओं के लिए एक विशेष बूथ का निर्माण किया गया था।

पार्टी अध्यक्ष के लिए चुनावी मैदान में उतरे मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्नाटक में और शशि थरूर ने अपने गृह राज्य केरल में मतदान किया। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी ने पार्टी मुख्यालय में मतदान किया। दोनों एक साथ पार्टी मुख्यालय में आए थे। चुनावों से जुड़े प्रश्न के उत्तर में सोनिया गांधी ने कहा कि वह काफी समय से इस का इंतजार कर रही थी। पार्टी मुख्यालय में ही कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं सहित पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने भी मतदान किया। कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने सोमवार को मतदान में पहली बार भाग लिया। इससे पहले हुए चुनावों में वे पार्टी से अलग होने के कारण भाग नहीं ले पाए थे।

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सोमवार को जानकारी दी की भारत जोड़ो यात्रा के संगनाकल्लू (कर्नाटक) में पड़ाव के दौरान एक बैठक कक्ष में बने कंटेनर को मतदान केंद्र में बदला गया था। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वोट डाला। राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल 40 प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रतिनिधियों ने भी वोटिंग की। वहीं कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धारमैया ने प्रदेश कांग्रेस समिति के दफ्तर बेंगलुरु में मतदान किया।

मुख्य चुनाव अधिकारी केंद्रीय चुनाव समिति के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री के अनुसार सभी प्रतिनिधि अपने अपने पोलिंग बूथों पर मतदान कर रहे हैं। उन्हें अपने उम्मीदवार के आगे टिक का निशान लगाना है। मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि वह पूरी चुनाव प्रक्रिया से संतुष्ट हैं और दावा किया कि मतदान पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि मतदान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वह बढ़-चढ़कर वोट कर रहे हैं।

मतदान समाप्ति पर अब सभी मतपेटियों को सील कर दिल्ली लाया जाएगा। यहां इन्हें पार्टी मुख्यालय में स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। मतगणना से पूर्व सभी बैलेट पेपर को आपस में मिक्स कर दिया जाएगा और बुधवार को गिनती की जाएगी। 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त करने वाले नेता को अध्यक्ष चुना जाएगा।

कांग्रेस के आजादी के बाद के इतिहास में छठी बार असल में चुनाव हो रहा है। ज्यादातर समय गांधी परिवार का ही सदस्य निर्विरोध निर्वाचित होते रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker