उत्तर प्रदेश

 दो सौ किमी की मानव शृंखला बनाकर दिया गया गीता का संदेश

कानपुर, 03 नवम्बर। गीता जयंती के पावन पर्व पर चार दिसम्बर यानी शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम ग्रीन पार्क मैदान में एक लाख से अधिक लोगों के साथ सामूहिक गीता पाठ का आयोजन होना है। इससे एक दिन पहले घर घर गीता संदेश पहुंचे उसको लेकर गुरुवार को गली-मोहल्लों से लेकर विद्यालयों में मानव शृंखला बनाई गई। श्रीमद्भागवत गीता आयोजन समिति की ओर से 151 किमी मानव शृंखला बनाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन इस महायज्ञ में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सभी जगहों को मिलाकर दो सौ किमी से अधिक की मानव शृंखला बना डाली।

श्रीमद्भागवत गीता आयोजन समिति चार नवम्बर को ग्रीनपार्क स्टेडियम में सामूहिक गीता पाठ का आयोजन करने जा रही है। इसको लेकर पिछले तीन माह से तैयारियां की जा रही हैं और शहर के समाजसेवियों, विद्यालयों से लेकर समितियों को जोड़ा गया। गीता संदेश घर-घर तक पहुंचे उसको लेकर गुरुवार को पूरे शहर में छोटी-छोटी मानव शृंखला बनाकर श्रीमद्भगवत गीता का संदेश दिया गया। कीर्तिमान स्थापित करने की मानव शृंखला बनाने के महायज्ञ में पूरे शहर ने अपनी-अपनी आहुतियां अर्पित की। समिति की ओर से 151 किमी की गीता संदेश मानव शृंखला बनाने की योजना थी, लेकिन इस महायज्ञ में शहरवासियों ने जबरदस्त आहुति दी और सभी जगहों को मिलाकर दो सौ किमी से अधिक की मानव शृंखला बन गई। हर गली, हर चौराहे पर स्कूली छात्र-छात्राएं, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों हाथों में गीता के संदेश की तख्तियां और जुबां पर सुनो-सुनो गीता का सार… की गूंज रही। गीता के महायज्ञ में शामिल होने के लिए मानो एक घंटे के लिए पूरा शहर थम गया हो। जो जहां था, वह वहां पर अपने परिचितों के साथ छोटी-छोटी शृंखला बनाकर खड़ा हो गया। शहर के लगभग सभी स्कूल, काॅलेज के साथ धार्मिक, व्यापारिक, समाजसेवी सहित 260 संगठन और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 650 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शहर को गीतामय करने के लिए गीता के संदेश का प्रसार किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के मुख्य प्रचारक अमरनाथ, संरक्षक राजीव महाना, डाॅ. उमेश पालीवाल, कृष्ण कुमार दुबे, आरके सिंह, सुबोध, अनुराग, अरुण, आरके सिंह, संजीव पाठक, मनोज सेंगर, भूपेश अवस्थी, प्रशांत सूरी, बृजेश नारायण त्रिपाठी सहित सैकड़ों समिति के सदस्य छोटी-छोटी मानव शृंखलाओं से गीता के संदेश का प्रचार करते दिखे।

संसार को श्रेष्ठ बनाने का संकल्प है गीता

बर्रा दो में भाजपा जिलाध्यक्ष दक्षिण डॉ. वीना आर्या पटेल की अगुवाई में मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को गीता के प्रति जागरूक करने का काम किया गया। जय श्री राम मित्र सेवा समिति और आर एस एजुकेशन स्कूल ग्रुप द्वारा इस कार्यक्रम को आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गीता एक पुस्तक नही बल्कि संसार को श्रेष्ठ बनाने का संकल्प है। इसलिए सभी को गीता को पढ़ना चाहिए और स्वयं में धारण करना चाहिए। इसी प्रकार कानपुर दक्षिण उद्योग व्यापार मंडल द्वारा श्रीमद् गविता जयंती आयोजन समिति कानपुर प्रांत के संयोजन में सैकड़ों की तादाद में व्यापारी महिलाएं बच्चे आम जनता ने मानव शृंखला बनाई। भारत माता की जय, वंदे मातरम, आदि नारे लगाए गए। मंडल अध्यक्ष कमल उत्तम ने बताया कि संपूर्ण कानपुर में बनी मानव शृंखला गिनीज बुक में नाम दर्ज कराएगी।

एकजुटता का प्रतीक बन गई मानव शृंखला

भाजपा विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने भी मानव शृंखला भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह मानव शृंखलाअपने आप में एक संदेश दे रही है कि हमें एकजुट रहना चाहिए और समय-समय पर एक दूसरे के साथ खड़े रहना चाहिए। विधायक ने राह चलते कई स्कूलों के बच्चों को रुक कर उनका मनोबल बढ़ाया और अपना आशीर्वाद दिया। विधायक ने बच्चों को बताया कि नित्य गीता स्वाध्याय को अपनी दिनचर्या में अवश्य शामिल करें और अपने परिवार मित्र एवं पड़ोसियों को भी गीता स्वाध्याय के लिए प्रेरित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker