फतेहपुर : जहरीले सांप ने महिला को काटा, मौत
फतेहपुर, 28 अक्टूबर। जिले में शुक्रवार सुबह खेतों में मवेशी चराने गयी महिला को जहरीले सर्प ने काट लिया। परिजन महिला को सरकारी अस्पताल में न ले जाकर अंधविश्वास में झाड़फूंक के लिए ओझा के पास ले गये। दोपहर में महिला ने दम तोड़ दिया।
औंग थाना क्षेत्र के बड़ाहार गांव निवासी रामेश्वर की पत्नी छेद्दी (45) आज गांव के बाहर खेतों में मवेशी चराने गई थी। घर वापस आते समय उसे जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद घर के लोग झाड़-फूंक के चक्कर में पड़े रहे, जिसके कारण महिला की हालत बिगड़ती चली गयी और इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गयी। महिला की मौत के बाद गांव के लोग सांप के काटने वाले स्थान पर पहुंचे तो देखा कि सांप मवेशी के पैर रख देने से घायल अवस्था में पड़ा है। ग्रामीणों ने इसके बाद उसे मार कर जला दिया।
ग्राम प्रधान बृजेंद्र सिंह में लोगों को समझाते हुए कहा कि सांप के काटने पर मरीज को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाना चाहिए। झाड़-फूंक के चक्कर में पड़कर लोग जान गवां बैठते हैं। यदि बिना समय गंवाये महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया होता तो समुचित इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती थी।