स्वावलम्बी महिलाओं से ही देश आत्मनिर्भर होगा: वंदना
प्रयागराज, 30 अक्टूबर। जब महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी तभी परिवार व देश की तरक्की होगी। इसलिए महिलाओं का स्वावलम्बी होना बहुत जरूरी है। यह बातें पहल संस्था की अध्यक्ष वंदना सिंह ने संस्था द्वारा ग्राम सभा रामनाथ पट्टी देवनहरी में सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण केन्द्र के उद्घाटन के अवसर पर कही।
इसके पूर्व वंदना सिंह ने फीता काटकर विधिवत पूजा के साथ प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा संस्था महिलाओं के उत्थान और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। उसी कड़ी में पहल संस्था ने यहां सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण केन्द्र खोला है। यहां प्रशिक्षित महिलाओं द्वारा महिलाओं एवं लड़कियों को निःशुल्क सिलाई कढ़ाई का प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा।
उन्होंने संस्था की तरफ से दो सिलाई मशीन प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध कराया। कहा कि यहां की बालिकाओं और महिलाओं की मांग थी उन्हें सिलाई कढ़ाई का प्रशिक्षण दे दिया जाए तो वह स्वयं का काम तो कर ही लेंगी। उनके लिए स्वरोजगार का माध्यम भी बन जायेगा। इससे यहां कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद भी मिलेगी। इसी को ध्यान में रखकर इस केन्द्र की स्थापना किया गया है। गांव में प्रशिक्षण केन्द्र के खुलने पर बालिकाओं और महिलाओं ने हर्ष व्यक्त किया और पहल संस्था की अध्यक्ष वंदना सिंह का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र की अनेकों महिलाएं उपस्थित रहीं।