मेहनत के पैसे मांगे तो मालिक ने चाकू से किया हमला
नई दिल्ली
बाहरी दिल्ली के रनहौला इलाके में अपनी मेहनत के पैसे मांगे तो युवक पर चाकू से कई बाद वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है। नीरज ने पुलिस को बताया कि वह अशफकुल्लाह के पास वेल्डिंग का काम कर रहा है। दोनों एक ही बिल्डिंग में किराये के मकान में अलग अलग रहते हैं। बीती रात दस बजे जब उसने अशफकुल्लाह को अपने पैसे लेने के लिये आवाज लगाई। अशफकुल्लाह ने उसको पैसे देने से मना कर दिया। उसने कहा कि जो करना है कर ले।
उसके बाद अशफकुल्लाह ने उसके साथ गाली गलौच कर झगड़ा करना शुरू कर दिया। जिसका उसने विरोध किया। अशफकुल्लाह ने चाकू निकालकर उसकी छाती और हाथ पर कई वार किये। उसको खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो गया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उसको खून से लथपथ हालत में पड़ा देखकर तुरंत पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई।