दुकान बेचने के बहाने विधवा को बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
सोनीपत
बहालगढ़ थाना क्षेत्र में दुकान बेचने के बहाने कार्यालय पर बुलाकर विधवा महिला से दुष्कर्म करने के आरोप का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस को शिकायत देकर प्रापर्टी डीलर पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आ रोपित की तलाश के प्रयास कर रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
एक महिला ने बताया कि उसके पति का कई साल पहले निधन हो गया था। अब उनको सोनीपत शहर में कपड़े की दुकान खोलनी थी। जिसके लिए वह दुकान की तलाश कर रही थी। उन्हें एक दुकान पसंद आ गई। तब उन्हें पता लगा कि दुकान सोनीपत शहर के रहने वाले वेदप्रकाश उर्फ वेद की है। वह प्रापर्टी डीलर का काम करते है। जब उनके मोबाइल पर संपर्क किया तो उन्होंने उसे अपने प्रापर्टी डीलर के कार्यालय में बुला लिया। जिस पर वह उनके कार्यालय में चली गईं। महिला का आरोप है कि उसके साथ वहां बने कमरे में दुष्कर्म किया गया। जिस पर उन्होंने मामले की सूचना बहालगढ़ थाना पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ऋषिकांत ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल करवाकर अदालत में बयान दर्ज करवाए है। वारदात का आरोप लगाने के बाद आरोपित भूमिगत हो गया है। उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। महिला उत्पीड़न किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। जल्द आरोपित को काबू कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।