आईटीबीपी के पर्वतारोहण अभियान माउंट डोमखंग को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नई दिल्ली, 11 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम की कड़ी में देश में मनाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 11 अगस्त, 2022 को महानिदेशालय, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में आयोजित एक समारोह के दौरान डॉ. एस. एल. थाउसेन, महानिदेशक, आईटीबीपी द्वारा बल की एम.टी.बी. साइकिल रैली का फ्लैग इन किया गया। महानिदेशक द्वारा आईटीबीपी के पर्वतारोहण अभियान माउंट डोमखंग को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस मौके पर डॉ. थाउसेन ने एमटीबी साइकिल रैली के सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए दल के सदस्यों को बधाई दी तथा पर्वतारोहण अभियान दल के सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रचारित करने के लिए आईटीबीपी के उत्तर-पश्चिमी फ्रंटियर मुख्यालय, लेह द्वारा 21 जुलाई, 2022 से लेह से काराकोरम दर्रे तक एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस दल द्वारा रास्ते में महत्वपूर्ण स्मारकों व स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा आम जनता को 13 से 15 अगस्त, 2022 तक अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित भी किया। यह साइकिल रैली काराकोरम पास तक पहुँची और फिर उसी रास्ते से कुल 800 किमी. की दूरी तय कर लेह वापस लौटी। इस दल में कुल 40 साइक्लिस्ट शामिल थे।
इस अवसर पर डीजी, आईटीबीपी द्वारा एक पर्वतारोहण अभियान ‘माउंट डोमखंग’ को रवाना किया गया। इस दल का नेतृत्व प्रसिद्ध एवरेस्टर
रतन सिंह सोनाल, सेनानी कर रहे हैं। माउंट डोमखंग चोटी देश के सिक्किम राज्य में नेपाल-चीन बॉर्डर के नजदीक है, जिसकी ऊँचाई 7,264 मीटर है। इस दल में कुल 21 सदस्य शामिल हैं, जिसमें 05 महिला सदस्य भी इसका हिस्सा हैं। उल्लेखनीय है कि पर्वतारोहण के क्षेत्र में आईटीबीपी ने विशिष्ट स्थान हासिल किया है और अभी तक 230 से ज्यादा सफल पर्वतारोहण अभियानों को अंजाम दिया है।
आईटीबीपी विशिष्ट केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल है तथा लद्दाख के काराकोरम से अरूणाचल प्रदेश के जाचेप ला तक 3488 किमी लंबी भारत-चीन सीमा की निगरानी का कार्य कर रहा है।