राष्ट्रीय

बिहार के मंदार पर्वत से भारत जोड़ो यात्रा शुरू, खड़गे ने केंद्र पर साधा निशाना

पटना/बांका, 05 जनवरी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को बिहार के बांका स्थित ऐतिहासिक मंदार पर्वत से भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व किया। वे मंदार के लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा पर निकले।

इस दौरान सभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में आज कारखाने नहीं हैं। लोग मजदूरी के लिए पलायन करते हैं। सरकार केवल नफरत फैलाती है। सरकारी नौकरी और महंगाई पर कोई बात नहीं होती। युवाओं को नफरत के मार्ग पर चलाया जाता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने नौकरी का जिक्र करते हुए अग्निवीर बहाली और आंदोलन की बात उठायी और कहा कि चार साल बाद युवा क्या करेंगे। क्या वो पकौड़ा तलेंगे। बिहार तो लड़कर अपना अधिकार लेता रहा है। क्या नौकरी आपने ले ली। क्या 15 लाख ले लिया। ये लोग भ्रमजाल फैलाते हैं।

खड़गे ने कहा कि भाजपा केवल झगड़ा करवा रही है। खाली पेट भजन कैसे होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कहती है कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। कांग्रेस ने ही सबकुछ किया तो आज मोदी प्रधानमंत्री हैं। नेहरू ने देश को आगे बढ़ाया। आप जो संस्थाएं बेच रहे हैं वो किसने दिया सब कांग्रेस का किया है।

बिहार के संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री श्रीबाबू ने बिहार में जो विकास किया, वह सभी आप लोगों के सामने है। नेहरू इंदिरा जमाने में जगजीवन राम लंबे समय तक लोकप्रिय नेता रहे। उसूलों के लिए लड़ने वाले अब कम नेता बचे।

उल्लेखनीय है कि बिहार के बांका से शुरू होकर यह यात्रा भागलपुर, नवगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, पटना, आरा, बक्सर, कैमूर, सासाराम, औरंगाबाद, गया होते हुए बोधगया में जाकर समाप्त होगी। यात्रा के क्रम में पटना के गांधी मैदान में एक रैली का भी आयोजन कांग्रेस पार्टी के द्वारा किया जाएगा। इस रैली में सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी शिरकत कर सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker