उत्तर प्रदेश

गोरखपुर के पहलवानों ने कहा, ”तुच्छ स्वार्थ के लिए कर रहे घृणित कार्य”

गोरखपुर, 20 जनवरी। दिल्ली में चल रहे धरना प्रदर्शन को धता बताते हुए गोरखपुर के पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में उतर गए हैं। यौन शोषण के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है।

पहलवानों का कहना है कि पिछले 10 वर्षों में भारतीय कुश्ती एक नई ऊंचाई पर पहुंची है। उसका श्रेय कैसरगंज सांसद और कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रज भूषण शरण सिंह को जाता है। आंदोलनरत पहलवान अपने तुच्छ स्वार्थ के लिए ऐसा घृणित कार्य कर रहे हैं।

यूपी कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि आरोप लगाने वाले पहलवान अपने तुच्छ स्वार्थ के लिए यह घृणित कार्य कर रहे हैं। कभी यही लोग वर्तमान अध्यक्ष की तारीफ करते नहीं थकते थे। आज इन्होंने ही ब्रज भूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। यह किसी अच्छे खिलाड़ी को शोभा नहीं देता।

भारतीय कुश्ती संघ के कोच चंद्र विजय सिंह का कहना है कि ब्रज भूषण शरण सिंह ने बिना भेदभाव के हर राज्य के पहलवानों को बढ़ावा दिया है। इसी सकारात्मकता पहल की वजह से नई प्रतिभाओं ने कुश्ती में चमक बिखेरी है। आरोप निंदनीय हैं। संघ के नए नियमों से नई प्रतिभाओं को कुश्ती में दम दिखाने का मौका मिल रहा है।

भारतीय कुश्ती संघ के सचिव आदित्य प्रताप सिंह आगू का कहना है कि कोई खिलाड़ी, केवल अपने खेल से बड़ा नहीं होता है। कुश्ती संघ ने नियम बनाया है कि कोई खिलाड़ी बिना नेशनल में पदक जीते या बिना ट्रायल दिए या ओपन नेशनल में पदक के बिना कैंप में शामिल नहीं हो सकता। फिर सबको ट्रायल से गुजरना ही होता है। ऐसा करने से नई प्रतिभाओं को भी मौका मिलता है। शायद ऐसा नियम ही इन स्टार खिलाड़ियों को तानाशाही लग रही है।

इधर, अंतरराष्ट्रीय पहलवान पन्नेलाल यादव का कहना है कि आरोप निराधार लग रहे हैं। उस पर यौन शोषण के आरोप। अध्यक्ष के रूप में बृजभूषण सिंह का कार्यकाल शानदार रहा है। हमेशा कुश्ती और खिलाड़ियों के विकास को लेकर ही इन्होंने कार्य किया है। पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में वह अचानक इतने बुरे कैसे हो सकते हैं। यह एक सुनियोजित साजिश की ओर से इशारा करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker