विराट कोहली के शतक पर अनुष्का शर्मा ने यूं लुटाया प्यार
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने बीती रात अफगनिस्तान के खिलाफ महज 61 गेंदों में 12 चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 122 रन की पारी खेली। यह कोहली के अंतरराष्ट्रीय करियर का 71वां शतक है। विराट कोहली की शानदार पारी के लिए उनके प्रशंसक सोशल मीडिया के जरिये उन्हें बधाई दे रहे हैं। वहीं उनकी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा ने भी विराट कोहली की इस उपलब्धि पर जमकर प्यार बरसाया है।अनुष्का शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें विराट कोहली नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए अनुष्का शर्मा ने लिखा-‘हमेशा आपके साथ हूं।’
अनुष्का शर्मा के इस पोस्ट पर विराट कोहली ने दिल वाली इमोजी बना कर प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर अनुष्का का यह पोस्ट वायरल हो रहा है।अनुष्का शर्मा और विराट कोहली इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सबसे फेमस कपल्स में से एक हैं। विरुष्का के नाम से मशहूर अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की मुलाकात साल 2013 में एक शैम्पू के विज्ञापन के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे थे और 11 दिसंबर 2017 को इटली में दोनों ने परिवार की मौजूदगी के बीच शादी की थी। 11 जनवरी, 2021 को दोनों एक प्यारी सी बेटी वामिका के माता-पिता बने।