एएफसी एशियाई कप 2023 क्वालीफायर में भारत ने दर्ज की लगातार तीसरी जीत, हांगकांग को 4-0 से हराया
सुनील छेत्री शीर्ष पांच सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वालों की सूची में शामिल
कोलकाता, 15 जून। सुनील छेत्री के नेतृत्व वाली भारतीय फुटबॉल टीम ने मंगलवार रात यहां साल्ट लेक स्टेडियम में हांगकांग को 4-0 से हराकर एएफसी एशियाई कप 2023 क्वालीफायर के ग्रुप लीडर के रूप में अपना अभियान समाप्त किया।
भारतीय टीम को अनवर अली ने मैच के तीसरे मिनट में ही गोल कर 1-0 की बढ़त दिला दी। अली का यह पहला अंतरराष्ट्रीय गोल था।
मैच के 45वें मिनट में कप्तान सुनील छेत्री ने गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। छेत्री का टूर्नामेंट में यह चौथा गोल था।
इस गोल के साथ ही छेत्री शीर्ष पांच सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वालों की सूची में भी प्रवेश कर गए। पुर्तगाली क्रिस्टियानो रोनाल्डो (117) इस सूची में शीर्ष पर हैं। सुनील अब चौथे नम्बर पर काबिज अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेसी से सिर्फ दो गोल पीछे है।
मध्यांतर तक टीम इंडिया 2-0 से आगे रही। मध्यांतर के बाद मैच के 85वें मिनट में मनवीर सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। अतिरिक्त समय मे ईशान पंडिता ने गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।
भारत ने दूसरी बार किया क्वालीफाई
बता दें कि भारतीय टीम पहले ही एशिया कप 2023 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह दूसरी बार है जब भारतीय टीम ने एशिया कप के लिए क्वालीफाई किया है। इससे पहले साल 2019 में भारतीय टीम ने एशिया कप में खेला था तब उसे तीन में से दो ग्रुप मैच में हार मिली थी और वह आखिरी पायदान पर रहा था।