जमीन स्तर पर रिसर्च को लागू करेंगे तभी देश का भविष्य उत्तम होगा : नितिन गडकरी
लखनऊ, 08 अक्टूबर। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इंडियन रोड कांग्रेस के 81वे अधिवेशन में आए हुए सभी रिसर्चर आप सभी जमीन स्तर पर रिसर्च को लागू करेंगे तभी देश का भविष्य उत्तम होगा। भारत में सबसे बड़ी मैन पावर है, यहां सबसे अच्छे लोग हैं। हम विकासशील देश हैं, इसके लिए गुणवत्तापूर्ण सड़क पर बने और जो कम लागत की हो, इसका प्रयास करना है।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इंडियन रोड कांग्रेस के अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आप सभी डेलिकेट 3 दिनों तक यहा विचार मंथन करेंगे। इससे जो अमृत निकलेगा, वह सभी के लिए फायदेमंद होगा। बिना इंफ्रास्ट्रक्चर के कोई उद्योग नहीं होता और बिना उद्योग के विकास नहीं होगा। पहले इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने वाले हमारे भगवान विश्वकर्मा जी हैं जो एक बहुत बड़े इंजीनियर है। आप भी यहां मौजूद बहुत सारे इंजीनियर इस बात को जानते हैं।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक कार आई है, आगे इलेक्ट्रिक ट्रक आ रही है। प्रदूषण रोकने के लिए यह बहुत जरूरी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह है कि इस प्रदेश में भी इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करें जिससे प्रदूषण को समाप्त किया जा सके। उत्तर प्रदेश में 100 रुपए डीजल वाली बसें चल रही है, इलेक्ट्रिक बसें चलाने पर रेट भी कम होगा और प्रदूषण भी नियंत्रित होगी। साथ ही इसका सीधा लाभ किसानों को भी मिलेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि बिना नेतृत्व कुछ नहीं होता। योगी जी का नेतृत्व अच्छा है, काम करने से खुशी मिलती है। आपके सहयोग से ही उत्तर प्रदेश की सड़कें अमेरिका जैसी बन रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की आबादी का सबसे बड़ा प्रदेश या उत्तर प्रदेश है। प्रदेश बड़ा है तो चुनौतियां भी बड़ी है। 2014 में जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व आया तो सबसे पहले हम लोगों ने नितिन गडकरी के साथ बैठक की, जिस पर सड़क को लेकर चर्चा हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से देश में गति नितिन गडकरी ने दी है। देश में जैसे विकास हुआ उसी से प्रेरणा लेकर हम लोगों ने उत्तर प्रदेश में इंटरस्टेट कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया गया है।
उन्होंने कहा कि एक वक्त था जब पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र में कोई निवेशक जाना नहीं चाहता था। अब वहां निवेश हो रहा है। हमने एफडीआर को लागू किया किया है। कम लागत में हम लोग सड़कें बना रहे हैं। भगवान विश्वकर्मा की पूजा करने वाला देश तकनीक के लिए पश्चिम की ओर देखता है, यह ठीक नहीं है। इसे ठीक करना है। मैंने तकनीकी छात्रों को इस अधिवेशन में बुलाया है, जिससे वह देख सके कि किस प्रकार से विकास कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने के लिए हमें कार्य करना है। हम इस पर कार्य कर भी रहे हैं।इस अधिवेशन से जो कुछ निकल कर आएगा उसको हम लोग आगे क्रियान्वयन में लाएंगे।
अधिवेशन में स्वागत भाषण करते हुए लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि यह ऐतिहासिक अधिवेशन हो रहा है। हमारा सौभाग्य है कि हमें इस अधिवेशन को करने का मौका मिला। सड़कों की गंगा बह रही है, जिसके भगीरथ नितिन गडकरी आज यहां मौजूद है। एक्सप्रेस वे का जाल यूपी में बिछाया गया है। उसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व मिला है। आज सभी जिला मुख्यालय को फोरलेन से जोड़ा जा रहा है।