क्राइमदिल्ली

बाइक सवार बदमाशों ने दो भाईयों से लूटपाट का प्रयास किया

नई दिल्ली

पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने दो भाईयों से लूटपाट का प्रयास किया। बदमाश पिस्टल निकालकर दोनों को गोली मारने की धमकी देने लगे। लेकिन बिना डरे दोनों भाई बदमाशों पर टूट पड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने दोनों भाईयों पर फायरिंग कर दी। चार राउंड गोलियां चलाकर बदमाश वहां फरार हो गए। पास के दुकानदारों ने मोबाइल से इसकी वीडियो बना ली। खबर मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

दोनों भाईयों को थाने लाया गया। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने बजाए उनकी शिकायत सुनने के उल्टा अपराधियों की तरह उनसे पूछताछ शुरू कर दी। मीडिया के सामने दोनों भाई बिफर गए। दोनों थाने में लिखित शिकायत देकर वापस लौट आए। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार दीपक चड्ढा (52) परिवार के साथ गाजियाबाद के रामप्रस्थ में रहते हैं। इनके छोटे भाई राजीव चड्ढा (46) नोएडा में परिवार के साथ रहते हैं। दोनों का एक साथ ही रियल एस्टेट का कारोबार है। शुक्रवार को दोनों भाई डिनर करने करोलबाग गए थे, दोनों वहीं से लौट रहे थे। दीपक ने राजीव से कहा कि वह अपने घर चले जाए। इस दौरान लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास दोनों रुक गए। राजीव पास के मंदिर में मत्था टेकने लगे। दीपक एक दुकान से मोबाइल का चार्जर खरीदने लगे।

दूसरी कार में राजीव की पत्नी, बेटा व दीपक का बेटा मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। इन लोगों ने हेलमेट लगाए हुए थे। आते ही तीनों बदमाशों ने राजीव से सोने का कड़ा उतारने के लिए कहा। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल निकालकर राजीव पर तान दी। भाई को घिरता देखकर दीपक भी वहां पहुंच गए।

दोनों भाई बदमाशों पर टूट पड़े। खुद को घिरता देखकर दो बदमाशों ने अचानक निशान लगाकर राजीव पर गोली चलाई, लेकिन गोली उनको लगी नहीं। बदमाश हवा में गोली चलाते हुए मौके से फरार हो गए। कुछ दुकानदारों ने पूरी वारदात की वीडियो बना ली।

पुलिस भी वहां पहुंच गई। दोनों भाईयों को थाने ले जाया गया। राजीव का आरोप है कि उनकी शिकायत सुनने के बजाए पुलिसकर्मियों ने उनसे उल्टे सवाल शुरू कर दिए। मीडिया वहां पहुंची तो दोनों भाईयों ने अपना दर्द बयां किया। बाद में दोनों शिकायत देकर वापस लौटे। बाद में पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker