हवाओं की दिशाएं बदलने से सामान्य से कम हुआ पारा, बारिश के नहीं आसार
कानपुर, 02 अक्टूबर। मौसम का मिजाज इन दिनों रोजाना बदल रहा है और अब हवाओं की दिशाएं बदलने से तापमान सामान्य से कम हो गया है। हालांकि बारिश के आसार नहीं है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन बाद फिर हवाओं की दिशाएं बदलेंगी और हल्की बारिश के आसार बन सकते हैं।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि एक और चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व और उससे सटे पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में उभरने की सम्भावना है। आंध्र प्रदेश तट के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र औसत समुद्र तल से 4.5 किमी तक फैला हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किमी के बीच एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा चक्रवाती परिसंचरण से पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से गुजरते हुए तटीय कर्नाटक तक फैली हुई है। यह औसत समुद्र तल से 4.5 किमी तक फैला हुआ है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 33.0 और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 89 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 65 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 2.1 किमी प्रति घंटा रही। आगामी पांच दिनों में आसमान में छुटपुट बादल छाए रहने के आसार है किन्तु बारिश की कोई सम्भावना नहीं है।