तुर्किए के नाम से अब जाना जाएगा तुर्की देश
अंकारा, 2 जून। संयुक्त राष्ट्र की स्वीकृति के बाद तुर्की गणराज्य का नाम बदल अब तुर्किए होगा। संयुक्त राष्ट्र भेजे एक पत्र में तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लू ने औपचारिक अनुरोध किया कि उनके देश को तुर्किए के रूप में जाना जाए। संयुक्त राष्ट्र ने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया है।
सरकार ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस कदम को देश की छवि में बदलाव करने और पक्षी, टर्की तथा इसके साथ जुड़े कुछ नकारात्मक अर्थों से अपना नाम अलग करने के लिए प्रयास के हिस्से के रूप में देखा जाता है। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बुधवार देर रात पत्र मिलने की पुष्टि की। एजेंसी ने दुजारिक के हवाले से कहा कि नाम परिवर्तन उस क्षण से प्रभावी हो गया था, जब पत्र प्राप्त हुआ था।
राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दाेआन ने दिसंबर में ही तुर्की संस्कृति और मूल्यों का बेहतर प्रतिनिधित्व करने के लिए तुर्किए के उपयोग का आदेश दिया था, जिसमें निर्यात उत्पादों पर मेड इन तुर्की के बजाय मेड इन तुर्किए का उपयोग करने को कहा था। उन्होंने अपने देश के लोगों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हर भाषा में तुर्किए नाम इस्तेमाल करने को कहा था।