विधायक ने सरकार की आठ साल की गिनवाईं उपलब्धि
गन्नौर। विधायक निर्मल चौधरी ने प्रदेश सरकार की आठ साल की उपलब्धि गिनवाईं। विधायक निर्मल चौधरी ने पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने बीते 8 सालों में तीन सी पर प्रहार किया। ये तीन सी करप्शन, कास्ट और क्राइम हैं। वहीं सरकार ने पांच को लगातार प्रमोट किया है। ये पांच हैं शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वावलंबन और स्वाभिमान। विधायक ने कहा कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की दर्जनों उपलब्धियां हैं, जिनका जिक्र किया जा सकता है। उन्होंने सरकार की 8 मुख्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में सभी कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और सेवाओं की कवरेज एक ही मंच से करने के लिए फैमिली आईडी यानी परिवार पहचान पत्र योजना लागू की गई है। इसके साथ सभी सरकारी योजनाओं और सेवाओं को जोड़ा जा रहा है। वृद्धावस्था सम्मान भत्ते को परिवार पहचान-पत्र के साथ जोड़ दिया है। अब व्यक्ति की आयु 60 वर्ष की होने पर उसकी वृद्धावस्था पेंशन खुद ब खुद बन जाती है। उन्होंने कहा कि गन्नौर में भी बहुत विकास हुआ है जिसमें रेल कोच नवीनीकरण कारखाना शामिल है। विधायक ने कहा कि महिला कॉलेज भी गन्नौर को मिला है। उन्होंने कहा गन्नौर में आने वाले समय मे एक बहुत बड़ा हस्पताल भी बनाया जायेगा। इसके अलावा भी अनेकों उपलब्धि विधायक ने गिनवाईं।