एल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में अर्थशास्त्र का स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार तीन अमेरिकी विद्वानों को
स्टॉकहोम, 10 अक्टूबर। दुनिया भर में चर्चित नोबेल पुरस्कारों की घोषणा के बाद अब नोबेल पुरस्कारों के प्रणेता एल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में स्थापित स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार का ऐलान किया गया है। अर्थशास्त्र में श्रेष्ठ शोध के लिए तीन अमेरिकी विद्वानों को संयुक्त रूप से स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार दिया गया है।
नोबेल पुरस्कारों के प्रणेता एल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार दिये जाते हैं। वर्ष 2022 के लिए अर्थशास्त्र का स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार अमेरिका के वाशिंगटन स्थित ब्रुकिंग संस्थान के बेन एस बर्नानके, अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय के डगलस डब्ल्यू डायमंड और अमेरिका के ही वाशिंगटन विश्वविद्यालय के फिलिप एच डाइब्विग को संयुक्त रूप से दिया गया है। नॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने सोमवार को ऐलान किया कि बैंकों और वित्तीय संकट पर शोध के लिए इन तीनों विद्वानों को यह महत्वपूर्ण पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उनके शोध के परिणामस्वरूप बैंकों को लेकर आमजन की समझ विकसित होने में मदद मिली है, वहीं बैंकों के अधिक नियमितीकरण का पथ प्रशस्त हुआ है। इसके अलावा इस शोध से बैंकिंग संकट को समझने और उससे बाहर निकलने का रास्ता जानने में भी मदद मिली है। यह शोध लंबे समय के लिए अवसाद का कारण बनने वाले वित्तीय संकटों को कम करने में मददगार है। ये वित्तीय संकट समाज के लिए गंभीर समस्याएं पैदा करने वाले होते हैं, ऐसे में इस शोध से उन समस्याओं से निपटने में भी मदद मिलेगी।