हरियाणा

हरियाणा में पार्टी सिंबल पर निकाय चुनाव नहीं लड़ेगी कांग्रेस

पालिका व परिषद चुनाव में केवल करेंगे प्रत्याशियों का समर्थन

केवल नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने का फैसला

चंडीगढ़ । हरियाणा में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राजनीति तेज हो गई है। अब तक पार्टी के अधिकारिक चुनाव चिह्न पर यह चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर काम कर रही कांग्रेस ने ऐलान कर दिया है कि वह पार्टी चुनाव चिह्न हाथ का पंजा (हाथ का निशान) पर यह चुनाव नहीं लड़ेगी।

पार्टी ने मंगलवार को चंडीगढ़ मुख्यालय पर हुई बैठक में यह फैसला लिया। हरियाणा में 18 नगर परिषदों तथा 28 नगर पालिकाओं का चुनाव कार्यक्रम घोषित हो चुका है। इस चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार बैठकों का आयोजन कर रही है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी उदय भान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निकाय चुनावों को लेकर चंडीगढ़ में एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी विवेक बंसल, कांग्रेस विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद व कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य चौधरी दीपेंदर सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार भारद्वाज व चौधरी रामकिशन गुर्जर तथा विधायक किरण चौधरी सहित जिन-जिन निकायों में चुनाव होने हैं, उन सभी हलकों के विधायक भी मौजूद रहे।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि सभी से विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि नगर परिषद और नगर पालिकाओं के चुनाव सिंबल पर नहीं लड़े जाएंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इससे पहले भी नगर परिषद और नगर पालिका के चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ती है और इस बार भी नहीं लड़ेगी।

उन्होंने बताया कि नगर निगम के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़े जाएंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सभी नेताओं व पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वह भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ मजबूती और एकजुटता के साथ लड़ें। भाजपा उम्मीदवारों को हराने का काम कांग्रेस नेता करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार से समाज के सभी वर्ग त्रस्त हैं। हर वर्ग इस सरकार से छुटकारा चाहता है। उनका कहना है कि नगर परिषद व नगर पालिका के चुनाव भाईचारे के होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने निकायों के ये चुनाव सिम्बल पर नहीं लड़ने का निर्णय लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker