शराब घोटाले में भाजपा और आप दोनों शामिल : कांग्रेस
नई दिल्ली, 24 अगस्त। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में हुए शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों शामिल हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि जब दिल्ली में शराब घोटाला हो रहा था तब भाजपा के नेता शांत थे यहां तक कि राज्य के तात्कालिक उपराज्यपाल भी इस मुद्दे पर चुप बैठे थे।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ही वो पार्टी है जिसने शुरु से शराब नीति का विरोध किया। दिल्ली कांग्रेस ने शराब नीति के विरोध में राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर का घेराव किया। शराब नीति को वापस लेने के लिए पूरे दिल्ली में अभियान चलाया गया। इस नीति के विरोध में कांग्रेस ने दिल्ली के कमिश्नर से सबसे पहले शिकायत की थी।
चौधरी ने कहा कि जिस समय कांग्रेस इस शराब नीति के विरोध में प्रदर्शन कर रही थी उस समय भाजपा के नेता शराब के ठेके खुलवाने में शराब माफिया से पैसे लेकर उनको दुकानें उपलब्ध करा रहे थे। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भाजपा की टीम बी की तरह काम कर रही है। इन दोनों दलों ने मिलकर राजधानी को नशे की राजधानी बनाने की कोशिश की थी। चौधरी ने केजरीवाल से सवाल पूछा कि अगर नई शराब नीति इतनी ही अच्छी थी तो उसे वापस क्यों लिया गया?