यमुनानगर: छापेमारी के विरोध में व्यापारियों हाईवे किया जाम
यमुनानगर प्लाईवुड की राजधानी कहे जाने वाले यमुनानगर के व्यापारियों ने सरकार की एजेंसियों की दखलंदाजी से परेशान होकर शुक्रवार को जगाधरी-पावंटा नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। प्लाईवुड़ के व्यापारियों ने आरोप लगाया कि हर दिन कभी यूरिया के नाम पर तो कभी जीएसटी तो कभी इनकम टैक्स के नाम पर उनकी फैक्टरियों में छापेमारी की जाती है। यह आए दिन का काम हो गया है। ब्यापरियों ने आरोप लगाया कि सरकार उन पर अनावश्यक दबाव बनाने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
प्लाईवुड व्यापारी पवन चोपड़ा, अनुज कुमार, सुरेश, भारत बब्बू ने कहा कि पहले ही दो साल से कोरोना के दौरान व्यापार खत्म हो गया है। अभी वो नुकसान तो पुरा हुआ नही है। ऊपर से आए दिन की छापेमारी के कारण उन्हें अपनी फैक्टरियां में काम बंद करना पड़ता है। जो भी एजेंसी आती हैं उन्हें काम नहीं करने देती। लेबर को वापस घर लौटना पड़ता है। उनकी भी रोजी रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों ने कहा कि अगर भविष्य में यही सरकार की तानाशाही जारी रही तो हमें व्यापार यहां से दूसरे राज्यों में ले जाना पडेगा। उन्होंने कहा कि पहले भी इन सभी परेशानियों से सरकार को अवगत कराया गया है । इस मौके पर बडी संख्या में व्यापारियों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।