दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है भाजपा, हर कार्यकर्ता के लिए गर्व की बात-माईराम बड़ौली
सोनीपत
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राई विधायक मोहनलाल बडौली के भाई माईराम बडौली ने कहा कि भाजपा देश का ही नही बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। इसीलिए इस पार्टी का सदस्य होना हर कार्यकर्ता के लिए गर्व की बात है। माईराम बडौली बुधवार को पार्टी के 42वें स्थापना दिवस पर अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा का झंडा लहराया।
माईराम बडौली ने कहा कि देश इस समय सबसे सुरक्षित और मजबूत हाथों में है। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में विकास कार्यों की झड़ी लगी है। सडक़ से लेकर बिजली और पेयजल से लेकर सीवरेज की बुनियादी सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। यही नही, देश व प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राई क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास हुआ है। यहां हर गांव में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस दौरान योगेश जठेड़ी, रामेश्वर सरपंच बडौली, सुरेंद्र शर्मा, डॉक्टर सुनील बडौली, अजय दहिया, राजू व अमित मौजूद रहे।