अंतर्राष्ट्रीय

राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में ऐलान- भारत के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाएगा जापान

टोक्यो, 17 दिसंबर। चीन का मुकाबला करने के लिए जापान ने भारत के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। इस संबंध में जापान ने शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा नीति जारी की है, जिसमें कहा गया है कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक राष्ट्र के रूप में जापान अपनी सक्रियता बढ़ाएगा।

हिंद प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती आक्रामकता के कारण जापान और चीन के बीच रिश्ते तनावपूर्ण चल रहे हैं। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और भारत के साथ क्वॉड देशों में जापान के शामिल होने के बाद चीन और जापान के रिश्ते और खराब हुए हैं। हाल ही में ताइवान को लेकर भी चीन और जापान के बीच विरोध सामने आए हैं। जापान के प्रधानमंत्री किशिदा फुमियो ने ताइवान में चीनी हस्तक्षेप को लेकर चिंता व्यक्त की थी, तब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस पर आपत्ति दर्ज की थी। जिनपिंग ने ताइवान प्रकरण को चीन का आंतरिक मामला बताकर कहा था कि इसमें चीन किसी का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं करेगा।

चीन के साथ तनाव के इस दौर में जापान ने भारत के साथ साझेदारी बढ़ाने का फैसला किया है। शनिवार को जापान ने राष्ट्रीय सुरक्षा नीति जारी की। इस नीति में जापान की ओर से साफ कहा गया है कि वह अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया व भारत के साथ शुरू हुई क्वॉड साझेदारी जैसे प्रयासों के माध्यम से समान विचारधारा वाले देशों के साथ सहयोग को और मजबूत करेगा। जापान का कहना है कि वह ऑस्ट्रेलिया, भारत, कोरिया गणराज्य, यूरोपीय देशों, आसियान देशों के साथ सुरक्षा सहयोग बढ़ाएगा।

जापान की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समान विचारधारा वाले देशों और अन्य लोगों के साथ संबंधों को भी मजबूत करने की बात कही गयी है। कहा गया है कि इस दिशा में प्रयास तेज किये जाएंगे। जापान ने चीन की नीतियों का भी विरोध किया है। नई नीति में कहा गया है कि जापान चीन के बढ़ते प्रयासों और बलपूर्वक यथास्थिति को एकतरफा बदलने की नीति का पुरजोर विरोध करेगा। जापान ने ऐसे प्रयासों का शांत और दृढ़ तरीके से जवाब देने की बात भी कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker