ब्रिटेन के वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग बर्खास्त, प्रधानमंत्री की आर्थिक घोषणा से पहले उथल-पुथल
लंदन, 14 अक्टूबर। ब्रिटेन में आर्थिक उथल-पुथल का परिणाम सामने आने लगा है। प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग को बर्खास्त कर दिया है। वे महज छह सप्ताह तक इस पद पर रह सके।
जानकारी के मुताबिक ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने कार्यभार संभालने के बाद क्वासी क्वार्टेंग को वित्त मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी। वे ब्रिटेन के राजकोष के चांसलर भी थे। इस बीच लिज ट्रस सरकार ने बड़े पैमाने पर कर कटौती की, जिससे देश में भीषण आर्थिक उथल-पुथल मची है। अब ब्रिटेन की प्रधानमंत्री पर अपनी आर्थिक नीतियों में बदलाव का दबाव है। इस दबाव के बीच ट्रस जल्द ही नई आर्थिक घोषणा करने की तैयारी कर रही हैं। इन्हीं तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री द्वारा अपने वित्त मंत्री क्वासी क्वार्टेंग को बर्खास्त किये जाने की जानकारी सामने आई है।
बर्खास्तगी के साथ ही क्वार्टेंग ने 1970 के बाद से ब्रिटेन के सबसे कम समय तक चांसलर रहने का ‘रिकॉर्ड’ अपने नाम कर लिया है। उनके कार्यकाल में कर में कटौती की घोषणा की गई जिससे पौंड की विनिमय दर में भारी गिरावट आई। इस कारण प्रधानमंत्री ट्रस पर 48 अरब डॉलर के कर कटौती के कुछ प्रस्तावों को खत्म करने का काफी दबाव है। चार दिन पहले, दस अक्टूबर को ट्रस ने अपने प्रतिद्वंद्वी रहे ऋषि सुनक के एक सहयोगी ग्रेग हैंड्स को कनिष्ठ वाणिज्य मंत्री बनाया था। लिज ट्रस के इस कदम को सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी को अपने साथ जोड़कर विद्रोहियों की चाल पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।