राष्ट्रीय

मोदी सरकार आने के बाद देश में गांवों का असली विकास: केशव मौर्य

कानपुर, 27 अगस्त। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश में अमृत महोत्सव मनाया गया। हर घर तिरंगा अभियान चलाया गया। हिन्दुस्थान समाचार न्यूज़ एजेंसी भी अपने 75 वर्ष पूरे कर रही है। 75 वर्ष पूर्ण करने के अवसर पर हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी को ढेरों शुभकामनाएं। उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि 1948 में जब हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी शुरू की गई होगी तो उस समय यह नहीं सोचा गया होगा कि आने वाले समय में एजेंसी का इतना बड़ा स्वरूप होगा। आजादी के वक्त से ही यह एजेंसी वसूलों पर चलते हुए समाचार उपलब्ध करा रही है।

उप मुख्यमंत्री मौर्य शनिवार को बहुभाषी न्यूज एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार की स्थापना के अमृत महोत्सवी वर्ष के अवसर पर औद्योगिक नगरी कानपुर के रागेन्द्र स्वरूप सभागार में आयोजित ‘‘उत्तर प्रदेश : उद्यमिता और ग्रामीण विकास’’ विषयक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मौर्य ने कहा कि जब से देश में नरेंद्र मोदी की सरकार आई है, तब से गांव के लोगों के जीवन में परिवर्तन लाया जा रहा है ताकि गांव के लोग शहर की ओर न भागें। गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास दिया गया। सौभाग्य योजना से लोगों को लाभान्वित किया गया है। गांव में भी बिजली दी जा रही है। गरीबों को गैस सिलेंडर और चूल्हा दिया गया।

उन्होंने कहा कि पहले बड़ी संख्या में लोग पैसों के अभाव में अपनी जान गवां बैठते थे। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों का पांच लाख रुपये तक इलाज मुफ्त किया है। पटरी दुकानदारों के पास पैसों का अभाव था। वह लोगों से ब्याज पर पैसे लेकर काम करते थे। ब्याज भरने में ही उनका जीवन समाप्त हो जाता था। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बिना गारंटी उन्हें ऋण दिया गया है।

केशव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि अगर समाज को आगे बढ़ाना है तो महिला सशक्तीकरण जरूरी है। उप्र सरकार ने छह लाख स्वयंसहायता समूहों का गठन किया है। इन समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हैं। इस माध्यम से महिलाओं के हाथ मजबूत किये जा रहे हैं। उप्र में बिजली सखी तैनात की गयी हैं। इस प्रकार महिलाओं की आय बढ़ी है। रोजगार सेवक के रूप में पहले केवल पुरुषों को ही रखा जाता था। अब महिलाओं की भूमिका भी बढ़ाई गयी है। फूड प्रोसेसिंग यूनिट के माध्यम से किसान की आय बढ़ी है। हमारी सरकार किसानों का सशक्तीकरण कर रही है। इस प्रकार से यह सरकार गांव के विकास को लेकर पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

इससे पहले संवाद कार्यक्रम में जागरण एजुकेशन फाउण्डेशन कानपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. जगन्नाथ गुप्ता और लघु उद्योग भारती के लाडली प्रसाद गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त किये।

संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिन्दुस्थान समाचार समूह के अध्यक्ष अरविंद मार्डीकर ने कहा कि हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी विचारों से समझौता न करते हुए काम कर रही है। 1962 में जब चीन ने भारत पर आक्रमण किया उस समय सबसे पहले पुख्ता समाचार हिन्दुस्थान समाचार ने जारी किया। आज भी हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी सबसे पहले समाचार उपलब्ध कराती है। दूरदर्शन और प्रसार भारती ने यह स्वीकार किया है।

इस अवसर पर उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 12 उद्यमियों को विकास मित्र सम्मान से अलंकृत किया गया। साथ ही हिन्दुस्थान समाचार समूह की पाक्षिक पत्रिका ‘युगवार्ता’ के विशेषांक का लोकार्पण भी हुआ।

इन्हें मिला सम्मान

विकास मित्र सम्मान से सम्मानित हुए महानुभावों में गोल्डी सब्जी मसाले, आचार एवं पापड़ समूह के सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, स्टील उद्योग के प्रताप नारायण अग्रवाल, मयूर वनस्पति (खाद्य तेल) के सुनील गुप्ता, अशोक सब्जी मसाले के अरुण गुप्ता, चमड़ा उद्योग के राकेश शूरी, होजरी के बलराम नरुला, शिक्षा, खेल, धार्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र के मोहित यादव, कानपुर के इकलौते सरकारी फारेसिंक एक्सपर्ट एवं संयुक्त निदेशक राज्य विधि विशेषज्ञ ऐशबाग लखनऊ डॉ. कीर्तिवर्धन सिंह, युवा उद्यमी सत्येंद्र सिंह, होटल एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी श्रीमती रुचि कोहली, बी.डी.आर.डी. रोलर फ्लोर मिल के निदेशक अमित कुमार और रक्षा उपकरण उद्योग के मनोज गुप्ता के नाम शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker