हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने की राहुल गांधी से मुलाकात
हुड्डा, बंसल, उदयभान और कार्यकारी अध्यक्षों ने की रोडमैप पर चर्चा
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में हुए फेरबदल के बाद प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष ने पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पार्टी प्रभारी विवेक बंसल भी मौजूद थे।
राहुल गांधी से मिलने वालों में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान और नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, रामकिशन गुर्जर, श्रुति चौधरी और सुरेश गुप्ता शामिल रहे।
मुलाकात के बाद हुड्डा ने पत्रकारों को बताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ राहुल गांधी की यह पहली बैठक थी। राहुल गांधी ने सभी को एकजुट होकर पार्टी हित में काम करने के लिए कहा है। राहुल गांधी ने कहा है कि सभी मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाएं और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करें।
प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने बताया कि नवनियुक्त पदाधिकारियों ने राहुल गांधी को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का भरोसा दिलाया है। आने वाले समय में हरियाणा कांग्रेस तेजी से आगे बढ़ती हुई नजर आएगी। चौधरी उदय भान और नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्षों ने राहुल गांधी का आभार जताया।
उदयभान ने कहा कि अगले 3 महीने में संगठन का निर्माण करना और उसे मजबूती देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इससे पहले 29 तारीख को फतेहाबाद में होने वाले ‘विपक्ष आपके समक्ष’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। हरियाणा कांग्रेस में बदलाव को लेकर जनता में भारी उत्साह है। लोगों के उत्साह का अंदाजा उसी दिन हो गया था, जब भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ वह दिल्ली से चंडीगढ़ पदभार ग्रहण करने पहुंच रहे थे।