भाजपा ने बताया सचिवालय घेराे अभियान सफल, तृणमूल का दावा- रैली में नहीं थे लोग
कोलकाता, 13 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के राज्य सचिवालय नवान्न घेराे अभियान का हावड़ा और कोलकाता में व्यापक असर देखने को मिला। कई स्थानों पर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। पुलिस की लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का प्रयोग किया। पुलिस ने कई भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से एक सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं। भाजपा ने इस प्रदर्शन को अब तक का सबसे सफल बताया वहीं मुख्यमंत्री ने रैली में लोग न होने का दावा किया है।
मंगलवार सुबह से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक ट्रेन, बस और अन्य वाहनों से हावड़ा कोलकाता पहुंच गए। पुलिस ने कई रेलवे स्टेशनों के पास बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की लेकिन इसका बहुत अधिक लाभ नहीं हुआ और हजारों लोग तमाम बाधाओं को पार कर कोलकाता पहुंच गए थे। हावड़ा स्टेशन पर कार्यकर्ताओं का स्वागत के लिए प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार मौजूद थे। जबकि कोलकाता स्टेशन और आसपास से आने वाली रैली का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने किया। सियालदह स्टेशन पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष मौजूद थे, जो कार्यकर्ताओं की रैली लेकर सचिवालय के लिए कूच किए। शुभेंदु अधिकारी के साथ लॉकेट चटर्जी मौजूद थे, जिन्हें सबसे पहले गिरफ्तार कर लिया गया।
इधर, कोलकाता हावड़ा और आसपास के क्षेत्रों से भारतीय जनता पार्टी की कम से कम सौ से अधिक रैली निकलीं, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल थे। इसकी वजह से हावड़ा और कोलकाता में लगभग हर तरफ की सड़कें जाम हो गई थीं और ट्रैफिक व्यवस्था लगभग पूरी तरह से चरमरा गई थी। रेलवे स्टेशनों पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ की वजह से सामान्य लोगों को काफी परेशानी हुई। इधर कोलकाता से जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली निकली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इन्हें जगह-जगह रोकना शुरू कर दिया जिसकी वजह से कई जगह टकराव हुए।
इधर, भाजपा की रैली पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा की रैली में लोग ही नहीं थे। जो हव्वा खड़ा किया गया था वह फूट गया।
सचिवालय घेराव अभियान को केंद्र कर कोलकाता से लेकर हावड़ा तक सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर टकराव हुआ है। इसमें पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जबकि 100 से अधिक पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। टकराव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भाजपा की वरिष्ठनेत्री और पार्षद मीना देवी पुरोहित का सिर फट गया है। उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। जबकि वरिष्ठ विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को हावड़ा के सांतरागाछी में गिरफ्तार किया गया है जबकि लॉकेट चटर्जी और अन्य नेताओं को पुलिस हिरासत में लेकर सेंट्रल लॉकअप ले गई है। दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली प्रदेश भाजपा मुख्यालय से शुरू हुई। हावड़ा ब्रिज तक पहुंचने पर पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
दिलीप घोष ने सचिवालय अभियान के समापन की घोषणा की। घोष ने कहा कि जिस तरह से पूरे राज्य से हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, विधायक और सांसद इस अभियान में शामिल हुए हैं, वह उत्साहित करने वाला है। यह इस बात का संकेत है कि अब समय आ गया है कि ममता बनर्जी को सत्ता छोड़नी होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्यारी सरकार और अधिक दिनों तक सत्ता में नहीं रहेगी। इसके बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर मीडिया से मुखातिब दिलीप घोष ने कहा कि यह भाजपा का सबसे सफल अभियान रहा है। जितनी बड़ी संख्या में और जितने उत्साह से कार्यकर्ता शामिल हुए वह राज्य सरकार को सचेत करने वाला है। हमारी नैतिक जीत है।
कोलकाता पुलिस की गाड़ी में आग
भाजपा प्रदर्शन के दौरान एमजी रोड पर कोलकाता पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी गई। पुलिस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आग लगाई जबकि भाजपा का कहना है कि पुलिस ने खुद ही आग लगाई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया है कि पुलिस की ओर से भाजपा की रैली पर बमबारी हुई है। हावड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर बरसाए है। यहां हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागने के बाद भाजपा कार्यकर्ता तितर-बितर हुए हैं। सचिवालय से दो किलोमीटर पहले ही भाजपा की रैली को रोकने में पुलिस सफल रही है। अभियान के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता को एक पुलिसकर्मी उसके चेहरे पर लगातार घूसा मार रहा है। पार्टी ने इस वीडियो को ट्विटर पर डालकर पूछा है कि क्या पुलिस ऐसा कर सकती है। पार्टी ने अपने ट्वीट में कहा है कि बंगाल पुलिस तृणमूल कांग्रेस के गुलाम की तरह बर्ताव कर रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में एक के बाद एक भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये की तृणमूल नेताओं के घरों से बरामदगी के बाद मंगलवार को प्रदेश भाजपा ने राज्य सचिवालय घेराव अभियान का आह्वान किया था।