राष्ट्रीय

 मेहसाणा के बहुचराजी से गुजरात गौरव यात्रा को भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने दिखाई हरी झंडी

अहमदाबाद, 12 अक्टूबर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मेहसाणा जिले के बहुचराजी में बुधवार को गुजरात गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब तक बबूल ही बोए, तो बबूल ही उगे। उसने विकास को अटकाया, लटकाया और भटकाया लेकिन अब कांग्रेस खुद भटकने वाली हालत में पहुंच चुकी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 27 सालों में राज्य की तस्वीर पूरी तरह से बदल चुकी है। राज्य कई मामलों में देश का अगुवा राज्य बनकर मॉडल बना है। राज्य हर क्षेत्र में विकास की इबारत लिख रहा है। उन्होंने गुजरात में निकली गौरव यात्रा को भारत की गौरव यात्रा की कहानी बताया। मेहसाणा के बहुचराजी से निकली गौरव यात्रा कच्छ जिले के माता के मढ तक जाएगी। इस दौरान यह नौ जिलों की 33 विधानसभा क्षेत्र को कवर करेगी। इसके अलावा द्वारकाधीश समेत तीन अन्य जगहों से गुजरात गौरव यात्रा निकलेगी।

गुरुवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य के दो स्थानों से 3 गौरव यात्रा को प्रस्थान कराएंगे। इस तरह कुल 5 गौरव यात्रा के जरिए भाजपा 10 दिनों में 144 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की राज्य और केन्द्र सरकार की उपलब्धियों की गाथा बताकर चुनाव का आगाज करेगी।

बहुचराजी में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यात्रा को भारत के गौरव को स्थापित करने वाली यात्रा बताया। उन्होंने गौरव यात्रा की गंगोत्री गुजरात को बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को आधुनिक भारत बनाते हुए दुनिया के नक्शे पर खड़ा किया। पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार का जिक्र कर नड्डा ने कहा कि उन्होंने नैनो काे ना कहा तो गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नरेन्द्र मोदी ने उसका स्वागत किया और विकास को बढ़ावा दिया। गुजरात ने विकास का नया आयाम साबित किया।

नर्मदा के पानी लाने के संबंध में प्रधानमंत्री मोदी की तड़प का जिक्र कर उन्होंने कहा कि वे परियोजना को शीघ्र पूरा करना चाहते थे। कोरोना काल का जिक्र कर नड्डा ने कहा कि अमेरिका और यूरोप में लोग अभी तक मास्क पहने लोग नजर आते हैं लेकिन भारत ने इस दिशा में अभूतपूर्व काम किया। नौ महीने में दो-दो वैक्सीन जनता को दी गई। देश में 217 करोड़ कोरोना डोज का सुरक्षा कवच दिया गया।

नड्डा ने सरकार को प्रो एक्टिव बताते हुए कहा कि यह लोगों के दुख दर्द को समझने वाली सरकार है जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने टीबी, स्माल पॉक्स, पोलियो, जापानी बुखार को दूर करने में वर्षों लगाए। सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध में 22 हजार बच्चों को एक सप्ताह में घर पहुंचाया गया। इनमें दो हजार बच्चे गुजरात के थे। यूपीए की सरकार के समय दिन भर में 12 किमी नेशनल हाइवे बनते थे, अभी 37 किलोमीटर बनते हैं। रेलवे लाइन एक साल में 375 किमी बनती थी, आज 1458 किलो मीटर बनती हैं।

नैनो यूरिया के संबंध में जेपी नड्डा ने कहा कि इसका पेटेंट गुजरात के बच्चे ने हासिल किया है तो इसे गुजरात में लागू कर कृषि जगत में क्रांति लाने का प्रयास चल रहा है। कांग्रेस काल के भ्रष्टाचार का आरोप लगा उन्होंने कहा कि पहले एक रुपये से 85 रुपये गायब हो जाते थे। अब प्रधानमंत्री ने 11 करोड़ किसान को शिमला से एक बटन दबाकर 15 सेंकेंड के अंदर दो-दो हजार रुपये उनके खाते में पहुंचा दिए। गुजरात को एम्स दिया और देश को 22 एम्स दिए। गुजरात में पहले 9 मेडिकल कॉलेज थे, अब 30 है। एक हजार की जगह अब हर साल 6 हजार चिकित्सक बनते हैं। देश का कृषि बजट 27 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1 लाख 24 हजार करोड़ रुपये किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker