उत्तराखंड : नैनीताल के आसमान में दिखी रहस्यमय वस्तु, एरीज वैज्ञानिक ने बताया ‘यूएफओ’
नैनीताल, 28 सितंबर। उत्तराखंड के नैनीताल नगर के आसमान में बुधवार को एक ‘यूएफओ’ यानी ‘अन आइडेंटीफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट’ यानी अज्ञात उड़ती हुई वस्तु देखी गई है। एरीज के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.बृजेश कुमार ने इसे ‘यूएफओ’ बताया है।
नैनीताल के खुले आसमान में इसके देखे जाने को विज्ञान के साथ ही सामरिक दृष्टिकोण से भी इसे बड़ी रहस्यमयी और रोमांचकारी घटना करार दिया है। अपनी अनेक खूबियों के साथ साफ आसमान के लिए भी वैश्विक पहचान रखे जाने और यहां एरीज यानी आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान बीते वर्षों में पास ही में एशिया की सबसे बड़ी दूरबीन की स्थापना होने से वैज्ञानिकों का काम बहुत ही आसान कर दिया है।
आज नगर के आसमान में खिली धूप के बीच अपराह्न करीब 4 बजकर 40 मिनट पर दक्षिण पश्चिमी आकाश में सूर्य के साथ करीब 45 डिग्री का एक त्रिकोण बनाती हुई जैसी स्थिति में यह अज्ञात रहस्यमयी वस्तु सर्वप्रथम दीपेश बिष्ट नाम के एक बालक ने देखी। उसकी सूचना पर अन्य लोग भी इसे देखने लगे। ‘हिन्दुस्थान समाचार’ प्रतिनिधि के मोबाइल कैमरे में बमुश्किल इसकी फोटो भी कैमरे में कैद हुई। सफेद आकार का एक बिंदु से थोड़ा बड़ा सा नजर आ रहा यह यूएफओ पहले करीब एक मिनट तक सूर्य की यानी पश्चिम दिशा की ओर चलता हुआ दिखा और फिर स्थिर हो गया। बाद में इसे उत्तर दिशा में देखे जाने का भी दावा किया गया।
जानकारी लेने पर एरीज के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बृजेश कुमार ने ‘हिन्दुस्थान समाचार’ के उपलब्ध कराए गए इसके चित्र को ‘गूगल लेंस’ के माध्यम से जांचा। साथ ही एरीज से किसी तरह की वैज्ञानिक खोज के लिए गुब्बारे आदि हवा में उड़ाए जाने जैसी संभावनाओं की भी भी जानकारी ली। अंततः इसके ‘यूएफओ’ होने की पुष्टि की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह के अज्ञात यूएफओ कई बार सूर्य के प्रकाश में दिख जाते हैं। उन्होंने कहा कि एरीज के करीब होते इसका नैनीताल नगर में देखा जाना एक बड़ी घटना है।