सिद्धार्थ राव,बहादुरगढ़। नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए इनेलो प्रत्याशी मोनिका कपूर राठी ने शनिवार को अपना नामांकन भरा। मोनिका राठी इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी के भतीजे कपूर राठी की धर्मपत्नी हैं। नफे सिंह राठी बहादुरगढ़ से दो बार विधायक रह चुके हैं और दो बार बहादुरगढ़ नगर पालिका के चेयरमैन भी रहे हैं। ऐसे में नफे सिंह राठी का बहादुरगढ़ शहर में एक मजबूत वोट बैंक है, जो मोनिका राठी को सपोर्ट करेगा। ऐसे में मोनिका राठी चेयरपर्सन पद के उम्मीदवार के तौर पर सभी पार्टियों के उम्मीदवारों को कड़ी टक्कर देंगी। मोनिका राठी का कहना है कि पिछले 5 साल में बहादुरगढ़ में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं हुआ। शहर की सभी सड़कें टूटी पड़ी हैं। सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है और पीने के पानी की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर वह चेयरपर्सन बन कर आती हैं तो शहर का विकास करवाना और जनता को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना ही उनका एकमात्र उद्देश्य रहेगा। वह नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी नकेल कसेंगी। वहीं इनेलो नेता कपूर राठी का कहना है कि कांग्रेस-भाजपा ने मिलकर बहादुरगढ़ नगर परिषद में जमकर भ्रष्टाचार फैलाया है। टेंडरों के नाम पर घोटाले किए गए, जिसका हिसाब अब बहादुरगढ़ की जनता लेगी। बहादुरगढ़ की जनता की खून पसीने की गाढ़ी कमाई को कांग्रेस-भाजपा ने लूटने का काम किया है, जिसका सबक अब जनता ऐसे नेताओं को सिखाने के लिए तैयार बैठी है। मोनिका कपूर राठी ने कहा कि उनके चेयरपर्सन बनने पर बहादुरगढ़ के विकास को गति देने का काम किया जाएगा।