कन्नौज: नोटबंदी कर बैंकों में जमा कराया जनता का रुपया उद्योगपतियों को बांटा – अखिलेश यादव
– झौआ गांव से अखिलेश ने शुरू किया तिरंगा वितरण अभियान
कन्नौज, 09 अगस्त। तिरंगा यात्रा और घर-घर तिरंगा अभियान की शुरुआत करने पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव मंगलवार को कन्नौज पहुंचे। यहां पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि आज ही के दिन 1942 में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी।
सपा अध्यक्ष ने पार्टी लाइन से परे हटकर आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हर घर तिरंगा आंदोलन की शुरुआत करने और तिरंगा वितरण समारोह में भाग लेने ठठिया थाना क्षेत्र के झौआ ग्राम पहुंचे। यहां उन्होंने न सिर्फ स्वाधीनता संग्राम पुरोधाओं के परिजनों से बात की वरन एक जनसभा को भी सम्बोधित किया।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि नोटबंदी के बहाने सरकार ने सबका रुपया छीन लिया। कोई ऐसा नहीं बचा जिसका नोटबंदी में रुपया न छिना हो। नोटबंदी में जनता का रुपया बैंक में जमा हो गया। बैंक से बड़े-बड़े उद्योगपतियों को दे दिया गया और अब वही उद्योगपति भारत छोड़ो आंदोलन करके भारत छोड़कर चले गए। बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए भारत छोड़ो आंदोलन कौन चलवा रहा है, ये बीजेपी वाले चलवा रही है और ये सब कहां के हैं, ये कुछ दिन और रहे तो हमें और आप लोगों को गुलाम बना देंगे।उन्होंने कहा कि झौआ गांव की अब लोगों को याद आने लगी है।
भारतीय जनता पार्टी के मूल संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर इशारा करते हुए अखिलेश बोले कि असली पार्टी ने कभी झंडा नहीं लगाया। तिरंगा का हमेशा विरोध करने वाले अब घर में घुसना चाहते हैं। किसान की मनोदशा और नब्ज पर हाथ रखते हुए उन्होंने कहा कि गेंहू की फसल की कीमत इसलिए मिल गयी क्योंकि बाजार में गेहूं की मांग ज्यादा है और गेहूं कम है।
उन्होंने सवाल खड़ा किया कि क्या सरकार धान की भी उचित कीमत दिलाने को तैयार है। उन्होंने फ्री राशन योजना पर भी सवाल खड़ा किया और कहा कि फ्री राशन पाने वाले जानते हैं कि राशन फ्री है लेकिन इलाज फ्री नहीं है।