बाइडन का बड़ा हमला: पाकिस्तान खतरनाक देश, बिना सामंजस्य के जुटाए परमाणु हथियार
वाशिंगटन, 15 अक्टूबर। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने पाकिस्तान पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने पाकिस्तान को बेहद खतरनाक देश करार देते हुए बिना सामंजस्य परमाणु हथियार जुटाने का आरोप लगाया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इटली और हंगरी पर भी निशाना साधा है।
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के लिए धन संकलन से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान बाइडन ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने बिना किसी सामंजस्य के परमाणु हथियार जुटा रखे हैं। यह स्थिति पूरी दुनिया के लिए खतरनाक है।
बाइडन ने हंगरी और इटली पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के मसले पर दुनिया भर में जारी चर्चाओं को देखें तो आपको सच्चाई नजर आएगी। नाटो का सदस्य होने के बावजूद हंगरी लोकतंत्र को लेकर गंभीर नहीं है।
उल्लेखनीय है कि हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का काफी करीबी माना जाता है। इसी तरह उन्होंने इटली की भूमिका पर भी सवाल खड़े किये। उन्होंने पाकिस्तान, हंगरी और इटली जैसे देशों से सावधान रहने की बात भी कही।
पाकिस्तान को लेकर बाइडन के बयान से पाकिस्तान की उम्मीदों को झटका लगा है। हाल ही में पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने अमेरिका की यात्रा की है। उन्होंने अमेरिकी रक्षा मंत्री के साथ कई और नेताओं से मुलाकात भी की थी।
माना जा रहा था कि बाजवा की यह मुलाकात अमेरिका और पाकिस्तान के रिश्तों के लिए अहम साबित होगी। पाकिस्तान के वित्त मंत्री भी इस समय अमेरिका दौरे पर हैं। अब बाइडन के इस बयान से एक बार फिर अमेरिका-पाकिस्तान के रिश्तों में पड़ी दरार सामने आ गई है।