भ्रष्टाचार में लिप्त मुख्यमंत्री केजरीवाल को देना होगा इस्तीफा : बिधूड़ी
नई दिल्ली, 01 सितंबर। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास का घेराव कर उनके इस्तीफे की मांग की।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पांचवें दिन भी विधानसभा की कार्यवाही से असंवैधानिक तरीके से भाजपा विधायकों को निकाल दिया गया। यह सरकार जनता के मुद्दों पर संवाद करने के बजाए पार्टी का चेहरा चमकाने में लगी है। विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी जन मुद्दे पर चर्चा नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने आपको कट्टर ईमानदार कहते हैं लेकिन उनके उपमुख्यमंत्री के खिलाफ सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की और एक अन्य वरिष्ठ मंत्री तीन महीने से जेल में हैं। अरविंद केजरीवाल ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करना तो दूर, उन्हें मंत्रिमंडल से भी नहीं निकाला। यह स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार का संरक्षण है। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये के शराब घोटाले के बाद शिक्षा घोटाले की रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है। यह कोई आरोप नहीं बल्कि केंद्रीय सतर्कता आयोग की रिपोर्ट है जो ढाई साल पहले दिल्ली सरकार को सौंप दी गई थी लेकिन उसे दबा दिया गया। इसके अलावा डीटीसी घोटाले और दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में भी हजारों करोड़ का घपला हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के सवालों का जवाब देने की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल में हिम्मत नहीं है। इसलिए जब भी इन सवालों पर जवाब मांगा गया, विपक्षी विधायकों को मार्शल बुलाकर सदन से बाहर करा दिया गया। जाहिर है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद इस सारे भ्रष्टाचार के संरक्षक हैं। इसलिए उन्हें इस पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।