उत्तर प्रदेश

कांग्रेस ने निकाली आजादी की गौरव यात्रा

कहा, उद्देश्य भाजपा द्वारा फैलाई जा रही नफरत की राजनीति को रोकना

झांसी, 09 अगस्त। उ.प्र.कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर मंगलवार को भारत छोडो़ आन्दोलन की वर्षगांठ पर गांधी उद्यान कचहरी चौराहा से कांग्रेस ने आजादी की गौरव यात्रा निकाली। पहले दिन पदयात्रा गांधी उद्यान से प्रारम्भ हुई और अम्बेडकर चौराहा, शहीद पार्क झोकनबाग, गोविन्द चौराहा, अन्दर सैंयर गेट होते हुए वीर गुलाम गौस खां पार्क मिनर्वा चौराहा पर सम्पन्न हुई।

पदयात्रा का शुभारंभ पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। यात्रा के दौरान डा. अम्बेडकर की प्रतिमा पर पूर्व शहर अध्यक्ष नरेश चंद बिलहाटिया ने, शहीद पार्क में स्वामी बृह्मानन्द की प्रतिमा पर प्रदेश महासचिव राहुल रिछारिया एवं वीर गुलाम गौस खां की प्रतिमा पर समन्वयक रघुराज शर्मा ने माल्यार्पण किया। यात्रा का अन्दर सैंयर गेट में राजीव गांधी पंचायती राजीव प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया।

इस मौके पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य भाजपा द्वारा फैलाई जा रही नफरत की राजनीति को रोकना हैं। उन्होनें कहा कि देश अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा हैं। आधुनिक भारत की पृष्ठभूमि में स्वतंत्रता के लिए लम्बा संघर्ष, गांधी जी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना और नेहरु की आधुनिक दृष्टि थी। भारत के इस विचार में देश की बहु संस्कृति और सर्व समावेशी मिट्टी की महक हैं।

कार्यवाहक शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि जो लोग आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों से माफी मांग रहे थे, वही लोग आज देश में नफरत और घृणा फैलाने का कार्य कर रहे हैं। जबकि भारत देश सबका है और तिरंगा हमारी आन, बान और शान है।

प्रदेश महासचिव राहुल रिछारिया ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य शहीदों के सर्वाेच्च बलिदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करना हैं। पदयात्रा में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता शामिल रहे। पदयात्रा का संचालन एच पी पटेल ने किया और अंत में समन्वयक अमीर चंद आर्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker