मंत्री नहीं बनने पर छलका अमन अरोड़ा व बलजिंदर का दर्द
चंडीगढ़
तमाम अटकलों व दावों के बावजूद मंत्री बनने से चूके अमन अरोड़ा तथा प्रो.बलजिंदर कौर नई सरकार के शपथ ग्रहण में तो शामिल हुए लेकिन शपथ ग्रहण नहीं करने का दर्द भी उनके चेहरे पर दिखाई दिया। अमन अरोड़ा पंजाब में सबसे अधिक 75 हजार वोटों से जीतकर आए हैं। कहा जा रहा है कि चुनाव के दौरान अमन अरोड़ा, सरबजीत कौर माणुके तथा बलजिंदर कौर के पार्टी छोड़ने की बातें बड़ी तेजी से चल रही थीं। इसके चलते हाईकमान ने उन पर भरोसा नहीं किया।
अमन अरोड़ा ने किसी प्रकार की नाराजगी सीधे तौर पर व्यक्त करने की बजाय कहा कि वह पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि शायद उनकी पार्टी के प्रति वचनबद्धता और विश्वसनीयता में कोई कमी रह गई होगी, जिसके चलते उन्हें हाईकमान ने इस लायक नहीं समझा। अमन अरोड़ा ने कहा कि वह पार्टी के वफादार सिपाही हैं। पार्टी हाईकमान जहां कहेगी, वहां काम करेंगे।
प्रो. बलजिंदर कौर ने कहा कि पार्टी हाईकमान का जो भी फैसला होगा, वह मंजूर है। पार्टी की बात शुरू से मानती रही हूं और आगे भी मानती रंहूगी। बलजिंदर कौर ने कहा कि पार्टी जब विपरीत परिस्थितियों से गुजर रही थी और एक-एक करके विधायक पार्टी छोड़ रहे थे तो भी वह पार्टी के साथ खड़ी रहीं और आगे भी पार्टी के साथ ही रहेंगी।