डॉ. निशंक का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज
नई दिल्ली, 29 मई । पूर्व केन्द्रीय मंत्री व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ का नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। एक ही साहित्यकार (डॉ. ‘निशंक’) के साहित्य पर निर्बाध रूप से एक वर्ष से अधिक समय तक 50 श्रृंखलाओं से अधिक ऑनलाइन वेबिनार वार्ता आयोजित होने के चलते यह रिकॉर्ड बना।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज होने पर रविवार को दिल्ली के साहित्य अकादमी सभागार में एक भव्य आयोजन कर डॉ. निशंक को सम्मानित किया गया। केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने उन्हें सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि डॉ. निशंक गरीब परिवार से आये हैं, किन्तु संस्कारों की दृष्टि से वे अत्यंत समृद्ध रहे। साहित्य अकादमी सभागार में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन की महासचिव तिथि भल्ला एवं मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय द्वारा उन्हें प्रमाण पात्र उपलब्ध कराया।
“डॉ. निशंक का रचना संसार नाम” से 16 फरवरी 2021 को बसंत पंचमी के दिन अनवरत ऑनलाइन वेबिनार कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। अब तक इसके 60 एपिसोड सफलतापूर्वक प्रचारित हो चुके हैं। इसके अंतर्गत डॉ. निशंक के सोलह काव्य संग्रह, चौदह काव्य संग्रह, चार व्यक्तित्व विकास, चार पर्यटन ग्रन्थ, दस यात्रा वृत्तांत, तीन जीवनी सहित अन्य कथेतर साहित्य की साठ पुस्तकों पर देश के लगभग सभी राज्यों के प्रसिद्ध साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं समीक्षकों द्वारा चर्चा की गई है।