नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे का प्रधानमंत्री 11 दिसंबर को करेंगे उद्घाटन
मुंबई, 03 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे के नागपुर से शिरडी तक पूरा हुए हिस्से का 11 दिसंबर को उद्घाटन करेंगे। एक्सप्रेस-वे का शेष हिस्सा अगले छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। इस दौरान नागपुर मेट्रो के रिच टू और रिच थ्री का भी उद्घाटन किया जाएगा।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शनिवार को नागपुर में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे के नागपुर से शिरडी के बीच करीब 500 किलोमीटर तक बनकर तैयार हिस्से का उद्घाटन करेंगे। एक्सप्रेस-वे का शेष हिस्सा छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेस-वे की लंबाई 701 किलोमीटर है।
फडणवीस ने अधिकारियों से प्रधानमंत्री के दौरे और कार्यक्रम की जानकारी ली। उद्घाटन कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और राज्य के अन्य प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। फडणवीस ने बतौर मुख्यमंत्री 31 जुलाई, 2015 को विधानसभा में नागपुर और मुंबई के बीच 701 किलोमीटर लंबे समृद्धि एक्सप्रेस-वे के निर्माण की घोषणा की थी।