वियतनाम के राष्ट्रपति का इस्तीफा, राजनीति से संन्यास का भी ऐलान
हनोई, 17 जनवरी । वियतनाम के राष्ट्रपति गुयेन जुआन फुक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ ही उन्होंने राजनीति से संन्यास लेने का भी ऐलान किया है। फुक ने यह फैसला उस समय लिया है, जब उन्हें राष्ट्रपति पद से बर्खास्त किये जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से वियतनाम के सत्ता अधिष्ठान में बवंडर मचा हुआ था। राष्ट्रपति गुयेन जुआन फुक के बारे में कहा जाने लगा था कि उन्होंने अपनी पार्टी का भरोसा खो दिया। अटकलें लग रही थीं कि जनवरी में सरकार से दो उपप्रधानमंत्रियों की बर्खास्तगी के बाद राष्ट्रपति अपना पद छोड़ देंगे। इन दोनों उपप्रधानमंत्रियों ने उनके अधीन काम किया था। इस बीच राष्ट्रपति को बर्खास्त किये जाने की बातें भी कही जाने लगी थीं। इसके पीछे उनकी पार्टी की आंतरिक वजहों को मुख्य कारण बताया जा रहा था।
इस बीच मंगलवार को राष्ट्रपति गुयेन जुआन फुक ने अचानक इस्तीफे का ऐलान कर दिया। उनकी पार्टी की केंद्रीय समिति के हवाले से जानकारी दी गयी कि फुक ने अपने सभी निर्धारित पदों से इस्तीफा देने के साथ राजनीति से संन्यास लेने की बात भी कही है। 68 वर्षीय फुक दो साल से भी कम समय से राष्ट्रपति का दायित्व संभाल रहे थे। इससे पहले 2016 से 2021 के बीच वे देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं।
प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिए खूब काम किये थे। अब उनके इस्तीफे के बाद अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी जगह कौन लेगा। वैसे उनका इस्तीफा अभी प्रभावी नहीं हुआ है। राष्ट्रपति के इस्तीफे की मंजूरी के लिए नेशनल असेंबली की स्वीकृति जरूरी है। माना जा रहा है कि जल्द ही नेशनल असेंबली की बैठक बुलाई जाएगी।