अंतर्राष्ट्रीय

मिस्र के साथ द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाएगा भारत, दोनों देश करेंगे संयुक्त अभ्यास

-काहिरा में मिस्र और भारत के रक्षा मंत्रियों के बीच वार्ता

-राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से मिले राजनाथ सिंह

काहिरा, 20 सितंबर। भारत और मिस्र जल्द ही संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे। मिस्र के दौरे पर पहुंचे भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मिस्र के रक्षा मंत्री जनरल मोहम्मद जकी के साथ हुई बातचीत में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और बढ़ाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किये गए।

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर मिस्र पहुंचे थे। मिस्र की राजधानी काहिरा में अपने समकक्ष के साथ समझौते पर हस्ताक्षर के बाद भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि रक्षा सहयोग समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने से दोनों देशों के संबंधों में नई गति आएगी और तालमेल भी बनेगा। उन्होंने बैठक की कुछ तस्वीरों को ट्वीट भी किया। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा संबंधों को मजबूत करने के कदमों पर चर्चा की। इस दौरान आतंकवाद से निपटने के लिए संयुक्त अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए जवानों के आदान-प्रदान को लेकर भी दोनों देशों के बीच सहमति बनी। दोनों देशों के मंत्रियों के बीच समयबद्ध तरीके से भारत और मिस्र के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।

द्विपक्षीय वार्ता शुरू होने से पहले भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को काहिरा में रक्षा मंत्रालय में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने काहिरा में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से मुलाकात की। दोनों नेता सैन्य सहयोग को और विकसित करने और संयुक्त प्रशिक्षण, रक्षा सह-उत्पादन और उपकरणों के रखरखाव पर ध्यान केंद्रित करने पर सहमत हुए। रक्षा मंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ मिस्र के कड़े रुख की सराहना की। राष्ट्रपति सिसी ने जोर देकर कहा कि आतंकवाद के खतरे का मुकाबला करने के लिए भारत और मिस्र को विशेषज्ञता और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने की आवश्यकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker